BiharBihar UpdatesNEWS

प्रवर्तन निदेशालय ने दो डीटीओ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला किया दर्ज

Patna: प्रवर्तन निदेशालय ने भ्रष्टाचार के मामले में दो अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है. इनमें पूर्व डीटीओ अजय कुमार ठाकुर और रजनीश कुमार लाल शामिल हैं.  दोनों के खिलाफ अब इसीआईआर (इन्फोर्समेंट केस इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट) दर्ज होने के साथ ही पीएमएलए(प्रींवेशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट) के तहत मुकदमा चलेगा.  दोनों अफसरों पर पहले ही निगरानी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी की थी.

 

गौरतलब है कि  मुजफ्फरपुर के डीटीओ रहे राजनीश लाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 24 जून को छापेमारी की थी. पटना स्थित घरों की तलाशी के दौरान 51 लाख नकद और 60 लाख के जेवरात मिले थे. इसके अलावा बैंक लॉकर से भी 20 लाख के आभूषण मिले. मामले में निगरानी ब्यूरो की जांच अभी जारी है. ईडी की इस कार्रवाई के बाद मुश्किलें और बढ़ जाएंगी.

 

वहीं पटना व जहानाबाद के डीटीओ रहे अजय कुमार ठाकुर पर भी ईडी का शिकंजा कस गया है. उन पर भी मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर ईसीआईआर दर्ज की गई है. नवम्बर 2021 में निगरानी ने उनके ठिकानों पर छापे मारे थे. तब वे जहानाबाद के डीटीओ थे. हालांकि, उससे पहले पटना के डीटीओ रहते ही वह अपनी करतूतों से चर्चा में आए थे. निगरानी के छापे में बैंक खातों में 90 लाख, जबकि बीमा में 60 लाख के निवेश की बात सामने आई थी. वहीं पटना, मुजफ्फरपुर, रांची और जमशेदपुर में कई प्लॉट भी मिले थे.

Related Articles

Back to top button