
Gyan Ranjan
Ranchi: वैलेंटाइन वीक का आज पहला दिन है. यह दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए बहुत खास है. खास इसलिए कि आज ही के दिन 16 वर्ष पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जीवन में कल्पना सोरेन रूपी वैलेंटाइन आई थी. आज वैलेंटाइन वीक का रोज डे है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के इस खास दिन पर लोग सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दे रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और जामा से विधायक सीता सोरेन ने भी ट्विट कर हेमंत दंपती को शुभकामनाएं दी है. सीता सोरेन ने अपने ट्वीट में कहा है “झारखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी एवं हमारी छोटी बहन कल्पना सोरेन को वैवाहिक वर्षगांठ के 16 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई व मंगल कामनाओं के साथ असीम शुभकामनाएं” Happy Marriage Anniversary.
झारखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी एवं हमारी छोटी बहन कल्पना सोरेन को वैवाहिक वर्षगांठ के 16 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई व मंगल कामनाओं के साथ असीम शुभकामनाएं।
Happy Marriage Anniversary 💝💝 pic.twitter.com/lwgqtdTRiu— Sita Soren (@SitaSorenMLA) February 7, 2022
हेमंत और कल्पना की हुई थी अरेंज मैरेज
झारखण्ड के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार में जन्मे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन की अरेंज मैरेज हुई थी. ओडिशा के मयूरभंज की रहने वाली कल्पना से हेमंत सोरेन की शादी 7 फरवरी 2006 में हुई थी. कल्पना का परिवार अभी भी मयूरभंज में ही रहता है. कल्पना सोरेन रांची में प्ले स्कूल चलाती हैं. कल्पना पारिवारिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं. अभी दो महीने पहले ही हेमंत सोरेन के चचेरी बहन की शादी उनके पैतृक गांव नेमरा से हुई थी. जिसमें कल्पना सोरेन ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया था. झारखंड के पारंपरिक परिधान में हेमंत दंपती इस विवाहोत्सव में दिखे थे. राजनीतिक तौर पर बेहद सक्रिय परिवार में रहकर भी कल्पना राजनीतिक तौर पर सक्रिय नहीं हैं. हालांकि, सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी की वजह से वो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं.

कल्पना की सादगी के सभी हैं कायल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जीवन में कल्पना सोरेन का बड़ा रोल है. शिबू परिवार में कल्पना सोरेन की सादगी के सभी कायल हैं. कभी किसी विवाद में नहीं रही हैं. पूरे परिवार को साथ लेकर चलने में विश्वास करती हैं. वैसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के व्यवहार के भी सभी दीवाने हैं. राजनीतिक व्यस्तता के बावजूद परिवार के हर कार्यक्रम में हेमंत और कल्पना शामिल होते हैं.
राजनीति में गुरूजी की खींची लकीर को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हेमंत
दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने बूते झारखंड की राजनीति में बड़ी लकीर खींची है. गुरूजी की खींची लकीर को मजबूती के साथ हेमंत सोरेन आगे बढ़ा रहे हैं. सरकार और संगठन दोनों की जिम्मेवारी हेमंत के कंधों पर है. दोनों मोर्चे पर हेमंत सोरेन बेहतर काम कर रहे हैं. वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले जब हेमंत सोरेन को झामुमो का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था तो राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा जोरों पर थी कि क्या हेमंत गुरूजी की विरासत को आगे ले जा सकेंगे. अपने नेतृत्व क्षमता से हेमंत ने सबकी बोलती बंद कर दी. अलग राज्य बनने के बाद हेमंत के नेतृत्व में झामुमो ने 30 सीटें जीती. भाजपा के मंसूबे पर पानी फेर दिया. पिछले दो वर्षों से उनके नेतृत्व में सरकार चल रही है. पूरे आत्मविश्वास के साथ हेमंत झारखंड में गठबंधन की सरकार चला रहे हैं.




