
Jamshedpur : कदमा में हनुमान जी की प्रतिमा तोड़ने के मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग तेज हो गयी है. रविवार को मंदिर कमिटी से जुड़े लोगों ने कदमा थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी. इस मौके पर स्थानीय लोग भी मौजूद थे. शिकायतकर्ता संजय सिंह ने कहा कि कदमा स्ट्रेट माइल रोड में बजरंग संघ समिति की ओर वर्ष 2005 से हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित है. वहां हनुमान जी की पूजा-अर्चना और सुबह-शाम आरती की जाती है. शनिवार की शाम अज्ञात ने प्रतिमा को खंडित कर दिया, जो हिंदू धर्म और आस्था के साथ खिलवाड़ है. इससे पहले भी मंदिर में दो बार दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों रुपये चोरी हो चुकी है. साथ ही चांदी के बने हनुमान जी की आंख की चोरी भी की गयी है. इसकी लिखित शिकायत कदमा थाने में दी गयी थी, लेकिन आज तक चोरों की पहचान कर पुलिस कार्रवाई नहीं कर पायी है. पुलिस से मामले की जांच करते हुए मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगाने तथा खंडित प्रतिमा की स्थापना करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, एक लाख के नुकसान का अनुमान




