
Lucknow: गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की यूपी में होड़ लगी है. इसी सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव मैदान में उतरे हैं. अब भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी इस सीट पर चुनाव लड़ने का दम भरा है. उनकी पार्टी आजाद समाज पार्टी (ASP) ने गुरुवार 20 जनवरी को चंद्रेशखर के चुनाव लड़ने का ऐलान किया. इससे पहले मंगलवार को ग्रेटर नोएडा में हुई प्रेस वार्ता में आजाद ने कहा था कि यदि उनकी पार्टी कहेगी तो वे सीएम योगी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : UP Election 2022: मुजफ्फरनगर में ग्रामीणों ने BJP विधायक को खदेड़ा, देखें VIDEO
बहुत – बहुत आभार साधुवाद। पिछले 5 साल भी लड़ा हूँ। अब भी लड़ूंगा। जय भीम,जय मण्डल। बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय। https://t.co/FROhXhttiv
— Chandra Shekhar Aazad (@BhimArmyChief) January 20, 2022
पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे योगी
बता दें कि योगी आदित्यनाथ भी पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं. वो 2017 में मुख्यमंत्री बनने से पहले तक लोकसभा के सदस्य थे. योगी 1998 में पहली बार गोरखपुर से लोकसभा सांसद चुने गए. वो लगातार 5 बार से गोरखपुर से लोकसभा का चुनाव जीते. लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने विधानपरिषद की राह चुनी.
इसे भी पढ़ें : रिंटू सिंह हत्याकांड का आरोपी मंत्री लेसी सिंह का भतीजा अठिया पूर्णियां से गिरफ्तार, 50 हजार का था इनाम
इनके खिलाफ नहीं उतारेंगे प्रत्याशी
आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी कुछ लोगों के सामने अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी जिनमें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी और स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी उनके सामने प्रत्याशी नहीं उतारेगी.
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को कहा था कि अगर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसे 100 सीट भी देगी तब भी वह उसके साथ गठबंधन नहीं करेंगे. इससे पहले 18 जनवरी, मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद ने कहा था कि हमारी पार्टी राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ेगी. उन्होंने 33 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया था. आजाद ने जिन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया था उनमें सिराथू, नोएडा, मेरठ कैंट, एत्मादपुर, गंगोह, हस्तिनापुर शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : कोविड वैक्सीनेशन के रेड जोन में अब भी झारखंड के 14 जिले, 50 प्रतिशत से भी कम लोगों ने लिया सेकंड डोज




