
Jamshedpur : कोरोना के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर राज्य में मिनी लॉकडाउन की घोषणा होते ही जिला प्रशासन एक्शन में आ गया है. मंगलवार को पुलिस प्रशासन की एक टीम डिमना लेक पहुंची. वहां पिकनिक मनाने पहुंचे लोगों वापस घर भेजते हुए पूरा स्पॉट को खाली कराया गया. इस अभियान में बोड़ाम की अंचलाधिकारी निवेदिता नियति एवं बोड़ाम के हलुदबनी ओपी प्रभारी गोपाल कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. अंचलाधिकारी ने बताया कि यहां बंगाल से एक बस में दर्जनों लोग पिकनिक मनाने पहुंचे थे. उन्हें कोविड-19 के गाइडलाइन की जानकारी देते हुए पिकनिक पर पाबंदी लगने की बात बतायी गई. उसके बाद सभी सैलानी वापस लौट गये. दूसरी ओर शहर से काफी संख्या में लोग परिवार सहित पिकनिक मनाने डिमना लेक पहुंचे थे. उन्हें भी कोरोना गाइडलाइन का हवाला देते हुए वापस लौटाया गया. इससे दुकानदार भी अछूते नहीं रहें. उन्हें भी भीड़-भाड़ वाली जगहों पर दुकान लगाने से मना करने के साथ कोरोना गाइडलाइन के पालन की हिदायत दी गयी. अंचलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के आदेश पर अगले 15 जनवरी तक डिमना लेक क्षेत्र में पिकनिक मनाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी. इसे लेकर जरुरत पड़ने पर आगे भी अभियान चलाया जायेगा.




