News Wing
New Delhi, 25 September: बीएचयू कैंपस में बढ़ती छेड़खानी के खिलाफ सुरक्षा की मांग कर रही छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज का मामला बड़ा रूप ले रहा है. मामले में आज बीएचयू गेट के बाहर सैकड़ों की संख्या में छात्र जमा हो गये हैं. और प्रदर्शन कर रहे हैं. इस मामले को लेकर कांग्रेस, लेफ्ट और अन्य कई छात्र संगठनों ने भी प्रदर्शन करने की घोषणा कर रखी है.
बीएचयू के 1200 स्टूडेंटस पर केस दर्ज
मामले में यहां की पुलिस ने बीएचयू परिसर में हिंसक घटना साथ ही शांति भंग करने के आरोपों में करीब 12 सौ स्टूडेंटस पर केस दर्ज किया है.
लाठीचार्ज के लिए दोषी लंका थाने के इंचार्ज, भेलूपुर सीओ हटे
बीएचयू कैंपस में प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंटस पर लाठीचार्ज के लिए दोषी लंका थाने के इंचार्ज, भेलूपुर के सीओ समेत एक अतिरिक्त सिटी मजिस्ट्रेट को बर्खास्त कर दिया गया है.
क्या है मामला
कैंपस में बढ़ती छेड़खानी की घटनाओं के खिलाफ यहां गुरुवार से ही स्टूडेंस विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस विरोध प्रदर्शनकी शुरुआत तब हुई जब आर्ट्स फैकल्टी की एक छात्रा अपने हॉस्टल लौट रही थी उसी वक्त मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने कथित तौर पर उसका उत्पीड़न किया. छात्रा के मुताबिक, जब उसने उन लोगों का विरोध किया, तो तीन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसके बाद भाग गए. महिला ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से तकरीबन 100 मीटर की दूरी पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने उन लोगों को रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया.
कैंपस के अंदर जमी पुलिस
बीएचयू के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस के अंदर पुलिस बल की तैनाती की गयी है. आसपास की दुकानों को बंद करा दिया गया है. खबर यह भी है कि छात्र-छात्राओं से होस्टल खाली कराए जा रहे हैं और उनके बिजली-पानी का कनेक्शन भी काट दिया गया है. हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
विश्वविद्यालय में सोमवार से अवकाश घोषित
हो रहे इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर विश्वविद्यालय में सोमवार से अवकाश घोषित कर दिया गया और अब नवरात्रों की छुट्टी के बाद 6 अक्टूबर 2017 को विश्वविद्यालय खुलेगा.
बीएचयू कुलपति ने कहा, बाहरी तत्वों की साजिश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले पर आईजी पुलिस से रिपोर्ट मांगी है. वहीं बीएचयू के कुलपति ने इस पूरे आंदोलन को बाहरी तत्वों की साजिश बताया है. प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा की छात्रों का हंगामा विश्विद्यालय को बदनाम करने की साजिश है. उन्होंने कहा है कि इस हिंसा में यहां के हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंटस का हाथ नहीं बल्कि बाहरी लोग इसमें शामिल हैं.




