
Ranchi : धुर्वा स्थित सुधा डेयरी से लापता इंजीनियर सुजीत कुमार का पुलिस को अबतक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. हालांकि, पुलिस हर स्तर से गायब इंजीनियर को ढूंढ रही है. शनिवार को 50 पुलिससकर्मियों ने खोजी कुत्तों की मदद सुधा डेयरी का चप्पा-चप्पा खंगाला, लेकिन इंजीनयर का कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस के अनुसार इंजीनियर का विगत बुधवार की सुबह आखिरी लोकेशन सुधा डेयरी परिसर में था. इसके बाद उनका मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया. तब से अब तक जीनियर का मोबाइल ऑन ही नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें : 8 मई को होगा क्लैट- 22, एक जनवरी से एप्लीकेशन शुरू
एनडीआरएफ के बाद पुलिस ने तलाशा
शनिवार को सिटी डीएसपी दीपक कुमार के नेतृव में खोजी कुत्तों के साथ 50 से अधिक पुलिसकर्मी सुधा डेयरी पहुंचे, देर शाम तक सुधा डेयरी कैम्पस स्थित तलाव, नाले और झाड़ियों में इंजीनियर की तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. दरअसल सुजीत के परिजनों ने आशंका जताई है कि सुजीत को प्लांट से ही कहीं गायब कर दिया गया है. इसी सूचना पर पहले दिन एनडीआरएफ और फिर पुलिस ने अपने तरीके से शनिवार को तलाशा.
तीन टीम का गठन
गायब इंजीनियर की तलाश के लिए अलग- अलग तीन टीम गठन किया गया है. इसमें टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है. इस मामले में पुलिस घरेलु और फैक्ट्री के बाद के पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है.
प्लांट में घुसने के 37 मिनट बाद ही फोन स्वीच ऑफ हो गया
गौरतलब हो कि इंजीनियर बुधवार की सुबह सूधा डेयरी गए थे. प्लांट में घुसने के 37 मिनट बाद ही उनका फोन स्वीच ऑफ हो गया. इसके बाद परिजन प्लांट पहुंचे और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने के बाद धुर्वा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
14 लाख का हुआ था गबन
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले प्लांट में 14 लाख रुपए का गबन हुआ था. इस मामले में प्लांट के मैनेजर मो मजिउद्दीन शामिल थे. इस मामले की जांच चल रही है. इसी बात को लेकर मैनेजर और इंजीनियर के बीच विवाद हुआ था. परिजनों को आशंका है कि इंजीनियर के गायब होने में मैनेजर का हाथ हो सकता है.
इसे भी पढ़ें : गया से कोलकाता जा रही महारानी बस पलटी, कई यात्री घायल




