
Deoghar : जिला के जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी इलाके में मंगलवार की शाम हुए एक नाबालिग की हत्या के मामले को पुलिस ने 20 घंटे के अंदर सुलझा लेने का दावा किया है. पुलिस ने नाबालिग युवक की नृशंस हत्या के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है.
गिरफ्तार युवक अविनाश कुमार बताया जाता है. इस संबंध में बुधवार को देवघर एसडीपीओ पवन कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया. एसडीपीओ ने बताया कि 14 वर्षीय वैभव मिश्रा की हत्या पैसों के लालच में कर दी गयी थी. आरोपियों ने युवक की हत्या कर उसके परिजनों से पैसों की डिमांड भी की थी. नाबालिग की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसका शव पलंगा पहाड़ी के पीछे रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया था. जिसके बाद आरोपियों ने नाबालिग के परिजनों को फोन कर उसके अपहरण की बात कही और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी. अपहरण की बात सुनकर परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. तफ्तीश के दौरान पुलिस को पूरे मामले की जानकारी मिली. जिसके बाद इस कांड में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने घटना के लिए प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया है.
इसे भी पढ़ें : विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, कई मायने में सार्थक रहा यह सत्र: स्पीकर




