
Dhanbad : जमीन के दस्तावेजों में ऑनलाइन इंट्री के दौरान गड़बड़ी करने और फिर सुधार करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले बलियापुर CO राम प्रवेश कुमार और राजस्व निरीक्षक रमेश सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है. प्रशासनिक जांच में दोनों की भूमिका और उन पर लगे आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीसी संदीप सिंह ने राज्य मुख्यालय को विभागीय कारवाई शुरू करने के लिए संस्तुति कर दी है.
इसके पहले डीसी संदीप सिंह ने अंचलाधिकारी राम प्रवेश कुमार और राजस्व निरीक्षक रमेश सिंह के विरूद्ध लगे आरोपों की जांच के दिये थे. एडीएम ला एंड आर्डर कुमार ताराचंद के नेतृत्व में दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया था. जिसने सामान्य और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों पर लगे आरोपों को सत्य पाया था. इसकी रिपोर्ट इस महीने के शुरुआत में ही डीसी कार्यालय को उपलब्ध करा दी थी.
डीसी ने रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद दोनों के विरूद्ध विभागीय कारवाई करने के लिए रांची स्थित मुख्यालय को अनुशंसा पत्र भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें :आदित्यपुर में ट्रक के चपेट में आकर किशोरी घायल, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
कैसे पता चली हेराफेरी
बता दें कि घूस मांगने का मामला उस समय उजागर हुआ जब राजस्व निरीक्षक रमेश सिंह का पैसा लेते एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ. इस वीडियो में सिंह को पैसा देनेवाला व्यक्ति तीन लाख रूपये देने की बात कह रहा था. पूरे मामले में पंद्रह लाख रूपये के लेन देन की बात भी कह रहा है. जबकि सिंह अपने पुराने संबंधों का हवाला देते हुए काम किए जाने की पुष्टि कर रहा है.
जांच में यह बात समाने आई कि दोनों अधिकारियों ने दाखिल खारिज का रिकार्ड ऑनलाइन करने के नाम पर पहले रिकार्ड से छेड़छाड़ की थी. इसकी पुष्टि तकनीकी जांच में हुई थी. फिर उसे सुधारने के नाम 21 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे.
इधर, इसी बीच इस मामले की मीडिया में छपी खबरों पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री सचिवालय ने भी पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. वहां भी एक कॉपी भेजते हुए पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है.
इसे भी पढ़ें :हंगामे से हुआ संसद के शीतकालीन सत्र का आगाज, कृषि कानून वापसी बिल लोकसभा से पारित




