
Hatgamharia / Chaibasa : हाटगम्हरिया के सियलजोड़ा राखा जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़गला शव बरामद किया गया है. शव को जंगली जानवरों ने नोंच दिया था और वह सड़ चुका था. शव की पहचान नहीं हो पायी है. मृत महिला की उम्र 38 वर्ष के आसपास लग रही. ऐसा लग रहा है कि करीब पांच दिन पहले उसकी हत्या की गयी है. जंगल में कुरकुट (हाऊ) झाड़ रहे बच्चों ने शव को देखा था. इसकी सूचना ग्रामीण मुंडा गोपाल हेंब्रम को दी गयी. मुंडा ने थाना को खबर दी. पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शव का एक हाथ किसी जानवर ने नोच डाला था. इलाके में भी शव मिलने की खबर से सनसनी फैल गई. शव का चेहरा पूरी तरह गल चुका है, जिससे उसकी पहचान में दिक्कत हो रही है. शव का पंचनामा किये जाने के समय मौके पर पंचायत मुखिया खुश्बू हेम्ब्रम, हवलदार मो. रोहुफ अंसारी, प्रदीप कुमार पाठक, रतला सोरेन आदि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – बहरागोड़ा : घास काटने गये बिजली कर्मी के पिता की तार की चपेट में आकर मौत




