
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज फूलो झानो आशीर्वाद योजना के लाभुकों से किया संवाद किया. मुख्यमंत्री से संवाद कर लाभुक काफी उत्साहित दिखे. इस दौरान राज्य का पहला दीदी हेल्पलाइन कॉल सेंटर का भी शुभारंभ हुआ. मौके पर मुख्यमंत्री ने लाभुकों को 13 करोड़ 45 लाख 60 हजार रुपये का चेक प्रदान किया. वहीं, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने दीदीयों को 10-10 हजार रुपए का चेक सौंपा.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से महिलाओं से संवाद के क्रम में कहा कि झारखंड की जिन वीरांगनाओं फूलो-झानो के नाम पर योजना की शुरूआत की गई आज उसका सार्थक परिणाम सामने आने लगा है. गरीबी और मजबूरी में हड़िया शराब निर्माण और बिक्री के कार्य से जुड़ी महिलाओं ने योजना का लाभ लिया और अपने आत्मविश्वास के बदौलत बदलाव की कहानी गढ़ने लगीं. यह सुखद क्षण है. महिलाएं सरकार का हिस्सा बनें. राज्य के विकास में साथ दें. महिला पुरुष साथ आयेंगे तभी राज्य आगे बढ़ेगा. समाज निर्माण में जितना जरूरी पुरुष की भागीदारी है उतनी ही महिलाओं की भी है.
इसे भी पढ़ें : Gujarat Cabinet Reshuffle Live: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रियों ने ली शपथ, जानिये किनको मिली जगह
सरकार ग्राहक बन क्रय करेगी उत्पाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आएं. सरकार उनके साथ है. गाय पालन, मुर्गी पालन, खेती समेत अन्य व्यवसाय में उनका साथ देगी. अभी कुपोषण से मुक्ति दिलाने और आने वाली पीढ़ी को बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने के लिए स्कूली बच्चों को सप्ताह में छह दिन अंडा भोजन में देने का प्रावधान किया गया है. राज्य की महिलाएं मुर्गी पालन कर अंडा का उत्पादन करें. राज्य सरकार सभी अंडा को क्रय कर लेगी. इस तरह अन्य उत्पाद जैसे सब्जी, अनाज और पत्ते की थाली का भी निर्माण महिलाएं करें. क्रय सरकार करेगी. बस आप सभी योजना का लाभ लें और उसे सार्थक करें.

मुख्यमंत्री ने दीदियों के कार्यों की सराहना की
मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण काल में जब सब कुछ थम गया था. लोग अपने घरों में दुबके हुए थे. उस समय सखी मंडल की दीदियों ने बेहतरीन और साहस से भरा कार्य किया था. गांव-गांव में लोगों को को भोजन कराया. किसी की भी मृत्यु भूख से नहीं हुई. सखी मंडल के सदस्य इस दौरान मानवता के प्रति किये गए कार्य की मिशाल बनीं थी. सरकार को किसान,महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का विकास करना है. जब तक इनका विकास नहीं होगा, राज्य के विकास की परिकल्पना व्यर्थ है.
इसे भी पढ़ें : सुंदरनगर किंगडम हॉल से लापता महिला 11 घंटे बाद घर लौटी, मानसिक रूप से है विक्षिप्त
महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार का लक्ष्य
ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सरकार की कोशिश रही है कि महिलाओं का सशक्तिकरण कैसे किया जाए. इसके लिए फूलो झानो अभियान का शुभारंभ एक वर्ष पूर्व किया गया. इन्हें ब्याज मुक्त लोन उपलब्ध कराया. ताकि उन्हें सम्मानजनक आजीविका का साधन मिल सके. इस दिशा में सरकार गंभीर है. महिलाओं का सर्वांगीण विकास सरकार का लक्ष्य है. राज्य की सखी मंडल बेहतर कार्य कर रहीं हैं. संक्रमण काल में इनका कार्य सराहनीय रहा. जेएसएलपीएस से जोड़ कर इन्हें लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है. 25 लाख लाभुकों को सरकार की विभिन्न बीमा से जोड़ा गया. 30 लाख लाभुकों को जोड़ने के लक्ष्य के साथ सरकार काम कर रही है. जिसे जल्द प्राप्त कर लिया जाएगा. पलाश ब्रांड झारखंड की पहचान बनेगी. हर प्रखंड तक इसकी पहुंच बने इस दिशा में कार्य हो रहा है.
इसे भी पढ़ें : पटमदा बेलटांड़ दुर्गापूजा कमेटी के फिर अध्यक्ष बने ईशानचंद्र गोप
सिर्फ एक कॉल पर जानकारी…
मुख्यमंत्री ने दीदी हेल्पलाइन कॉल सेंटर का शुभारंभ किया. इसके तहत झारखण्ड स्टेट लाईवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी सिर्फ एक कॉल पर उपलब्ध होगा. हेल्पलाइन का उद्देश्य है कि जेएसएलपीएस की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सुदूरवर्ती गांव के लोगों तक पहुंचना एवं समस्याओं के निराकरण हेतु कार्य करना करना है. इस हेल्पलाइन के टॉल फ्री नंबर 18004190400 एवं 18004197400 पर कॉल के जरिए जेएसएलपीएस द्वार संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली जा सकती है.
कार्यक्रम में अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव ग्रामीण विकास विभाग मनीष रंजन, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जेएसएलपीएस नैंसी सहाय एवं अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें :रूपा तिर्की मौत मामलाः सीबीआई की फॉरेंसिक टीम पहुंची साहिबगंज, खंगाला जायेगा रूपा का कमरा




