
Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत छोटाबांकी डैम में शनिवार को नहाने के क्रम में डूबे कदमा के युवक सौभित कुमार का शव बरामद कर लिया गया है. गोताखोरों ने रविवार को उसका शव डैम से निकाला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सौभित अपने पांच साथियों के साथ शनिवार को घूमने के लिए छोटा बांकी डैम गया था. सभी ने नहाने का प्लान बनाया और डैम में उतरे. नहाने के क्रम में सौभित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, पर तब तक वह डूब चुका था. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने भी पानी में उतरकर उसकी तलाश की पर अंधेरा होने के कारण सौभित नहीं मिला. रविवार सुबह फिर से स्थानीय गोताखोर पानी में उतरे और उसका शव बरामद कर लिया. इधर कदमा फार्म एरिया स्थित आवास में शोक की लहर है.
इसे भी पढ़ें – बेरोजगारों ने करोड़पति बनने के लालच में किया था आदित्यपुर के आटा मिल मालिक का अपहरण
इथर, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में एक महिला के घर घुसकर छेडख़ानी, मारपीट करने और सामान लेकर भाग जाने का मामला सामने आया है. इस मामले में पीडि़ता ने थाना में पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. बारीडीह शांति नगर मुख्य पथ के रहने वाले रोहित महतो, महेश महतो, कल्याणी देवी, काजल महतो और सोनी देवी को आरोपी बनाया गया है. घटना रविवार की सुबह की है. पीडि़ता के मुताबिक घटना के वक्त वह अपने घर में अकेली ही थी. उसी दौरान सभी आरोपी घर के भीतर घुस गए. पहले तो आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की. उसके बाद घर से सामान ले जाने लगे. जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ छेडख़ानी करते हुए धमकी भी दी गई. उसके बाद मामला सिदगोड़ा थाना तक पहुंचा.
इसे भी पढ़ें – ‘हैलो महिला हेल्पलाइन! मेरे फौजी पति को उस महिला के चंगुल से छुड़ा दीजिए’




