
Ranchi: स्पोर्ट्स मैप में सिमडेगा जल्दी ही राज्य में सबसे बेहतर सेंटर के तौर पर उभरने वाला है. खासकर हॉकी के खेल में. इस खेल में तकरीबन एक दर्जन ओलंपियन इस जिले से निकले हैं. हाल ही में यहां से सलीमा टेटे ने टोक्यो ओलंपिक में सिमडेगा सहित देश का नाम रोशन किया है. अब हॉकी की नर्सरी के तौर पर पहचान रखने वाले सिमडेगा को अब एक्सिलेंस सेंटर बनाने की दिशा में कई स्तरों पर पहल तेज हुई है.
कोल इंडिया से लेकर राज्य सरकार यहां विशेष नजर बनाये हुए है. अब यहां एक हॉकी एकेडमी खोले जाने की संभावनओं को कोल इंडिया देख रहा है. खेल विभाग, झारखंड यहां एक इंटरनेशनल एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम तैयार करने में लगा है.
जिले में 12 जगहों पर हॉकी में नयी प्रतिभाओं को गांव, कस्बों से सामने लाने को क्ले ग्राउण्ड (हॉकी मैदान) का निर्माण कराया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें :Breaking News : देशभर में 30 सितंबर तक जारी रहेगा कोविड-19 संबंधित प्रोटोकाल, गृह मंत्रालय ने बढ़ाई अवधि
एकेडमी के लिये कोल इंडिया बढायेगा हाथ
सिमडेगा में बालिका हॉकी एकेडमी खोलने की मंशा कोल इंडिया ने जतायी है. इस दिशा में प्रारंभिक स्तर पर पहल होने की सूचना है. कोल इंडिया के एक वरीय अधिकारी (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) साईं राम पिछले दिनों रांची में सीसीएल के अधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा भी कर चुके हैं. खेल सचिव अमिताभ कौशल के पास भी हॉकी एकेडमी के लिये चर्चा किये जाने की खबर है.
हालांकि इस संबंध में औपचारिक तौर पर सरकार के पास बात नहीं की गयी है. फिलहाल कोल इंडिया ने सिमडेगा के किसी एक स्कूल में हॉकी एकेडमी खोलने की मंशा जतायी है. एकेडमी में ग्रास रूट से 30 से अधिक खिलाड़ियों का सेलेक्शन कर उसे आवासीय सुविधाओं के साथ रखे जाने की बात है.

इसमें 12 साल तक की लड़कियों को एकेडमी में रखकर इंटरनेशनल खिलाड़ी के तौर पर तैयार करने का प्रयास होगा.
मुमकिन है कि सितंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में कोल इंडिया खेल विभाग के सचिव और अन्य अधिकारियों से भेंट कर एकेडमी खोलने के संबंध में विस्तृत प्रपोजल के साथ बैठे.
इसे भी पढ़ें :सूचना आयोग में लंबित मामलों को ले हाईकोर्ट गंभीर, 9 सितंबर को कोर्ट में हाजिर होकर CS को पक्ष रखने का निर्देश
इंटरनेशनल स्टेडियम की कवायद तेज
सिमडेगा में इंटरनेशनल हाकी स्टेडियम बनाने की कवायद भी तेज है. इस सिलसिले में खेल सचिव, खेल निदेशक जीशान कमर ने शुक्रवार को सिमडेगा डीसी सुशांत गौरव के साथ संभावनाओं को देखा. नये प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम निर्माण हेतु भूमि का मुआयना किया.
साथ ही एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का भ्रमण सहित स्टेडियम परिसर में हॉकी खेल के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी निरीक्षण किया. एथलेटिक्स स्टेडियम व इंडोर स्टेडियम के कार्यों को भी देखा.
इंटरनेशनल एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के निर्माण के लिये 13.5 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है. साथ ही जमीन से संबंधित कागजी प्रक्रियाओं को भी पूरा कर लिया गया है. इसे खेल विभाग को भेजा जा चुका है.
आवंटन मांग प्रतिवेदन भी विभाग को प्रेषित कर दिया गया है. फिलहाल जिले में एक एक एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम है. अब यहां इंटरनेशनल स्टेडियम भी मिल जायेगा.
इसे भी पढ़ें :पंचायती राज : सबकी योजना सबका विकास अभियान 22 जिलों में लापरवाही, रुक सकता है अरबों रुपये का अनुदान
इसके साथ ही यहां एक एथलेटिक्स स्टेडियम भी तैयार करने पर काम जारी है. इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम की सुविधा मिलने से नेशनल और इंटरनेशनल लेवल के टूर्नामेंट कराये जाने की राह आसान हो सकेगी.
सुशांत गौरव के मुताबिक एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम परिसर में 25 बेड के बालिकाओं (हॉकी) का छात्रावास है. इसे बदलते हुए सेंटर ऑफ एक्सिलेंस किये जाने की तैयारी है. इसके लिये सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है.
एक्सिलेंस सेंटर बनाये जाने से प्लेयर्स को ज्यादा स्कॉलरशिप भी मिलेगी.बेहतर और पौष्टिक खुराक भी मिलेगी. टॉप लेवल के कोच की भी सुविधा मिल पायेगी. मोरहाबादी. रांची के बाद सिमडेगा में दूसरा सेंटर ऑफ एक्सिलेंस बनेगा.
जिम की भी सुविधा
संत मेरीज हाई स्कूल छात्रावास, सामटोली एवं संत अन्ना स्कूल छात्रावास में जिम अधिष्ठापन का कार्य पूरा कर लिया गया है. इलेक्ट्रिक कनेक्शन बेहतर करते हुए एस.एस बालिका छात्रावास में 10 केभीए का सोलर प्लान्ट का अधिष्ठापन भी किया जा चुका है.
इसके अलावे जिले के 12 जगहों पर हॉकी के लिये प्ले ग्राउंड का निर्माण कराया जा रहा है. कोरोमिया, पाकरटांड़, बोलबा, कुड़पानी, करंगागुड़ी एवं जलडेगा में कार्य शुरू हो चुका है. शेष जगहों पर 5 सितम्बर तक कार्य शुरू कराने का निर्देश जिला प्रशासन ने दिया है.
इसे भी पढ़ें :अजब कांग्रेस की गजब कहानी- जिसने साथ दिया उसे सिर पर बिठाया, जो साथ नहीं आया वो दलबदलू




