
Ranchi: झारखंड के मनरेगा कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन करने की तैयारी कर रहे हैं. मनरेगा कर्मचारी संघ ने आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए 29 अगस्त को बैठक बुलायी है.
प्रदेश अध्यक्ष जॉन पीटर बागे ने बताया कि रविवार को इस संबंध में जूम एप के जरिये बैठक की गयी और तय हुआ कि सरकार की वादाखिलाफी के विरुद्ध आंदोलन किया जाये. इससे पहले 14 अगस्त से 22 अगस्त तक राज्य के सभी मंत्री व सत्तारूढ दल के विधायकों से मिलकर मनरेगा कर्मियों के नियमितीकरण, वेतन बढ़ोत्तरी, दुर्घटना बीमा एवं मृत मनरेगा कर्मियों के आश्रितों को मुआवजा दिलाने के लिए पत्राचार के लिए अनुरोध किया जायेगा और उनसे आग्रह किया जायेगा कि वे हमारी मांगों को राज्य के मुख्यमंत्री व ग्रामीण विकास मंत्री के समक्ष भी रखें.
दूसरे चरण में झामुमो के जिला अध्यक्ष एवं कांग्रेस के अध्यक्ष से मिलकर अपनी मांग रखी जायेगी. तीसरे चरण में पत्राचार व ट्विटर अभियान चलाया जायेगा. प्रखंड से जिला स्तर तक झामुमो, कांग्रेस के वरीय नेताओं से मिलकर अपनी बात रखी जायेगी. मनरेगा योजना का सोशल ऑडिट फिर से ग्राम सभा से ही कराने की मांग रखी जायेगी.
इसे भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर में एक दिन में तीन हत्याओं से फैली सनसनी




