
Ranchi: राज्य के ब्लड बैंकों की जानकारी एक जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लड बैंक मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत की गई थी. जहां एक क्लिक पर लोगों को जानकारी मिल जाती है कि किस ब्लड बैंक में कौन से ग्रुप का कितना यूनिट खून अवेलेबल है. इसके साथ ही ब्लड कंपोनेंट्स के उपलब्ध होने की जानकारी हर दिन अपडेट रहती थी. जिससे लोगों को ब्लड या उसके कंपोनेंट के लिए ज्यादा दौड़ लगाने की टेंशन नहीं होती थी. इधर, ब्लड बैंक मैनेजमेंट सिस्टम की वेबसाइट से रिम्स और सदर हॉस्पिटल रांची के ब्लड बैंक गायब हो गए हैं. जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इतना ही नहीं दोनों ही जगह ब्लड बैंक में मरीजों की लंबी लाइन लग रही है.
14 ब्लड बैंक एक प्लेटफार्म पर
राजधानी रांची में 14 ब्लड बैंक हैं और सभी की जानकारी एक प्लेटफार्म पर थी. रिम्स राज्य का सबसे बड़ा ब्लड बैंक है. जहां एक हजार यूनिट ब्लड स्टोर करने की कैपेसिटी है. वहीं सदर सिटी का दूसरा बड़ा सरकारी ब्लड बैंक है. इन दोनों ब्लड बैंक में डोनर की तो जरूरत पड़ती है, लेकिन डोनर नहीं रहने की स्थिति में बिना रिप्लेसमेंट के भी खून उपलब्ध कराया जाता है. वहीं हॉस्पिटल में एडमिट मरीजों के लिए कोई प्रोसेसिंग चार्ज भी नहीं लिया जाता. जबकि प्राइवेट से डिमांड आने पर उनसे प्रोसेसिंग का चार्ज लिया जाता है. ब्लड के लिए उन्हें कोई चार्ज नहीं देना होता.




