
Patna: बिहार सरकार (Bihar Government) में मंत्री बड़े पैमाने पर अफसरों का तबादला कर करोड़ों रुपये की कमाई कर रहे हैं. बिहार में जून महीने में सरकारी महकमे में पैसे के बल पर चहेते अधिकारियों-कर्मियों की पोस्टिंग की जाती रही है. इस बार भी जून महीने में जबरदस्त तरीके से खेल हुआ है. यह खुलासा सत्ताधारी दल भाजपा के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने किया है.
इसे भी पढ़ेंःJDU विधायक का दर्द, कहा- अफसर छोड़िए, चपरासी भी मेरी नहीं सुनते, इस्तीफा देना जरुरी
बाढ़ से बीजेपी के विधायक के ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने आरोप लगाया है कि ट्रांसफर पोस्टिंग के खेल में नीतीश सरकार के मंत्रियों ने खूब पैसे बटोरे हैं. ज्ञानू का आरोप है कि बीजेपी के कोटे के मंत्रियों ने खूब पैसे लेकर तबादले किए. इस बारे में उन्हें अपने सूत्रों से जानकारी मिली है. ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू से जब यह सवाल किया गया कि उनके पास यह आरोप लगाने का क्या आधार है. तो ज्ञानू ने कहा कि बीजेपी के एक नेता का 45 करोड़ वाला ऑडियो वायरल हो चुका है.
उन्होंने एमएलसी देवेश कुमार के ऑडियो की तरफ इशारा किया. बीजेपी विधायक ने पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मांग की है कि वह ऐसे लोगों को मंत्री पद पर ना रहने दें जो पैसे के लिए पार्टी की छवि को धूमिल कर रहे हैं.
बीजेपी विधायक ने तो यहां तक कह दिया कि जून महीने में ट्रांसफऱ-पोस्टिंग में एक-एक मंत्री करोड़ों की कमाई करते हैं. वैसे सत्ताधारी विधायक ने जो भी आरोप लगाये हैं उसमें दम दिखता है. किस तरह से चहेते अफसरों की सेटिंग कराई जाती है. इसकी बानगी परिवहन विभाग में देखने को मिला है. एक चहेते अफसर के आगे पूरा सिस्टम नतमस्तक हो गया. परिवहन विभाग का 2018 और 2021 का स्थानांतरण आदेश देखेंगे तो सबकुछ पानी की तरह साफ हो जाएगा. विभाग के दोनों स्थानांतरण आदेश देखने के बाद आप कहेंगे कि बिना कृपा बरसे यह काम संभव नहीं.




