
Ranchi: झारखंड में लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया गया है. स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह अब 10 जून की सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा. हालांकि राज्य के 15 जिलों में अब सुबह छह बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक सभी तरह की दुकानें कुछ शर्तों के साथ खोलने की इजाजत दी गयी है. ये वो जिले हैं, जहां कोरोना संक्रमण की दर कम है.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में यह फैसला लिया गया है.
इन जिलों में नहीं खुलेंगी कपड़ा, कॉस्मेटिक, ज्वेलरी, जूते की दुकानें
- रांची, धनबाद, हजारीबाग, जमशेदपुर, बोकारो, गुमला, गढ़वा, देवघर, रामगढ़- इन नौ जिलों में कपड़ा, ज्वेलरी, जूते की दुकानें खोलने की इजाजत नहीं दी गयी है, क्योंकि यहां कोरोना संक्रमण की दर ज्यादा है.
- इन नौ जिलों में कपड़ा, कॉस्मेटिक, ज्वेलरी और जूतों की दुकानों को छोड़कर बाकी दुकानों को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक खोलने की अनुमति होगी.
- इंटर स्टेट और इंटर डिस्ट्रिक्ट बस परिवहन सेवा पर रोक जारी रहेगी.
- राज्य के सभी जिलोंं में स्विमिंग पूल, पार्क जिम, मेला, प्रदर्शनी, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, सलून,आदि पर पहले की तरह पाबंदी जारी रहेगी .
- मल्टी ब्रांड शो रूम और मॉल पहले की ही तरह बंद रहेंगे.
- ज्यादा संक्रमण वाले नौ जिलों को छोड़कर बाकी सभी 15 जिलों में सभी तरह की दुकानें सुबह 6 बजे से दोपहर दो बजे तक खोली जा सकेंगी.
- जिन जिलों में दुकानों को खोलने की इजाजत दी गयी है, वहां दुकानदार सहित सभी ग्राहकों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा.
- एक वक्त में दुकानों में सीमित संख्या में ही ग्राहकों को प्रवेश की इजाजत दी जायेगी.
- शादी विवाह में मात्र 11 लोगों की उपस्थिति की शर्त बरकरार रखी गयी है.
जिले के भीतर ई-पास की जरूरत नहीं
- अब जिले के भीतर गाड़ी से निकलने के लिए किसी तरह के ई-पास की जरूरत नहीं होगी
- जिले से बाहर जाने और राज्य से बाहर जाने के लिए ई पास की अनिवार्यता बरकरार रहेगी
सीएम बोले- एक हफ्ते बाद होगी स्थिति की समीक्षा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का असर है कि राज्य में संक्रमण की दर और कोरोना से होनेवाली मौत की दर में लगातार गिरावट आ रही है. हालांकि, अभी भी पूरी सतर्कता बरती जाएगी. फिलहाल परिस्थियों का आकलन करने के बाद राज्य के सभी 24 जिलों को दो श्रेणियों में बांटकर स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में शर्तों के साथ कुछ रियायत देने का निर्णय लिया गया है. एक सप्ताह के बाद परिस्थितियों का आकलन करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह पर आगे फैसला होगा.
इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आय़ुक्त -सह -अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव अमिताभ कौशल और सचिव अबुबकर सिद्दीकी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें :पीएम ने किया ऐलान- नहीं होगी सीबीएसई 12वीं की परीक्षा




