JharkhandLead NewsPalamu

PALAMU : पांकी में गजराज का आतंक तेज,  दंपति पर बोला हमला, पत्नी की मौत-पति घायल

पांच दिनों से इलाके में हाथियों ने मचा रखा है उत्पात

Palamu : पलामू जिले के पांकी प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों गजराज का आतंक है. बड़ी संख्या में हाथी इस इलाके में पिछले चार-पांच दिनों से उत्पात मचाए हुए है. बुधवार की रात हाथियों के झुंड ने एक दंपति पर हमला किया और महिला को पटक कर मार डाला. हाथियों ने हमले मृतका का पति भी गंभीर घायल हो गया है. उसका इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है. वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से हाथियों के झुंड को भगाने में अब तक कोई पहल नहीं की गई है. पांकी प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाके में लगातार हाथियों के उत्पात से  लोग दहशत में जी रहे हैं. पांकी प्रखंड मुख्यालय से लगभग 22 किलोमीटर की दूरी पर रतनपुर में बीती रात हाथियों के झुंड ने एक महिला फूलों देवी (45) को कुचल कर मार डाला, वहीं उसके पति वासुदेव मोची (50) को गंभीर रूप से घायल कर दिया.

कहां-कहां हुआ अबतक हाथियों का उत्पात?

एक फरवरी को पांकी प्रखंड की ताल पंचायत के ग्राम कसमार में प्रकाश महतो के एक एकड़ से अधिक के खेत मे लगे गेहूं के फसल को हाथियों ने रौंद डाला था. वहीं गोपालडीह में एक हरिजन के घर को आंशिक क्षति पहुँचाया. दो फरवरी को खपरमंडा में बच्चन यादव की एक भैंस को मार डाला और एक भैंस को गंभीर रूप से घायल कर दिया और रतनपुर में यह तीसरी घटना है.

वन विभाग से अबतक कोई नहीं पहुंचा

ग्रामीणों के अनुसार घटना के अगले दिन गुरुवार को पूर्वाहन 10 बजे तक वन विभाग का कोई पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था. ग्रामीणों ने कहा कि एक तरफ हाथियों का उत्पात है तो दूसरी तरफ वन विभाग मदद करने को तैयार नहीं है. हाथियों के झुंड को सुरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचाने की दिशा में वन विभाग के किसी पदाधिकारी ने अब तक कोई पहल नहीं की है. इससे उन्हें जान माल का हर दिन नुकसान झेलना पड़ रहा है. उनका धैर्य जवाब देने लगा है. जल्द पहल नहीं की गई तो जोरदार आंदोलन करने को विवश होंगे.

Related Articles

Back to top button