
Giridih: करोड़ो खर्च कर गिरिडीह नगर निगम का शहर में चार वैडिंग जोन तो बनकर तैयार है लेकिन इसमें शहर के फुटपाथ दुकानदारों को शिफ्ट कब करना है, यह बताने से फिलहाल निगम के पदाधिकारी भी कतरा रहे हैं.
जिन फुटपाथ दुकानदारों को स्थापित करने के लिए वेंडिग जोन बना दिया गया वे अब भी शहर के सड़को का अतिक्रमण कर दुकानदारी कर रहे हैं.
चार वैडिंग जोन हुए तीन माह का वक्त बीत चुका है. निगम की और से ही फुटकर दुकानदारों को सख्त हिदायत का बोर्ड भी शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगा हुआ है जिसमें कितने दायरे में सड़कों का अतिक्रमण नहीं किया जाना है, इन बातों का जिक्र है.
बतातें चले कि शहर के फुटपाथ दुकानदारों को स्थापित करने के लिए ही नगर निगम और सरकार की एजेंसी एनआरईपी के फंड से शहर में चार अलग-अलग स्थानों पर वैडिंग जोन बनाये गये. इनमें बाभनटोली में 64 लाख 67 हजार तो बस पड़ाव के समीप 84 लाख के लागत से बनाया गया.
जबकि मकतपुर सब्जी मार्केट और व्हीट्टी बाजार हटिया में ही कमोवेश, इन्हीं राशियों से वैडिंग जोन तैयार किया गया. निगम के अधिकारियों की मानें तो करीब ढाई सौ से अधिक फुटकर सब्जी, फल, कपड़ा और अन्य दुकानदारों के लिए इन वैडिंग जोन का निर्माण कराया गया है.
हालांकि जितने दुकानदारों को वैडिंग जोन में दुकान दिए जाने हैं, वह भी अपर्याप्त है क्योंकि पूरे शहरी क्षेत्र में एक हजार के करीब फुटकर दुकानदार निबंधित हैं. मतलब साफ है कि निगम अगर ढाई सौ दुकानदारों को दुकान देता भी है तो शहर पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पाएगा.




