
New delhi : इस साल दिल्ली स्थित राजपथ पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में कोरोना के कारण कई बदलाव देखने को मिलेंगे. अन्य वर्षों की तुलना इस बार परेड में शामिल मार्चिंग दस्तों की संख्या कम होगी. इसके साथ ही दर्शकों की संख्या भी सीमित होगी. इल बार 25 हजार दर्शक ही परेड देख पाएंगे, आमतौर पर यह संख्या एक लाख के पार होती है.
नवंबर से करीब दो हजार सैनिक गणतंत्र दिवस और सेना दिवस के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं, जिन्हें सेफ बबल में रखा गया है. कैंट एरिया में सेफ बबल बनाया गया है. इधर, परेड में हिस्सा लेने वाली टुकड़ियों के आकार में भी कमी की जाएगी. आमतौर पर एक टुकड़ी में 144 कर्मी रहते हैं, इस बार 96 सदस्यों की टुकड़ी की ही अनुमति दी जाएगी.
कम की जाएगी परेड की दूरी
परेड की दूरी भी कम की जाएगी. यह विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला तक जाने के बजाए नेशनल स्टेडियम तक ही जाएगी. हर साल लोगों में परेड देखने के लिए भारी उत्साह होता है. पूरे देश से लोग खास तौर पर परेड देखने दिल्ली आते हैं, लेकिन इस बार इस पर कोरोना वायरस की मार पड़ी है.
ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन होंगे समारोह के मुख्य अतिथि
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन होंगे. ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पहले भी भारत आने की इच्छा जता चुके थे और कई बार भारतीय संस्कृति की तारीफ भी कर चुके हैं. भारत की ओर से जब जॉनसन को समारोह में शामिल होने के निमंत्रण दिया गया तब उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया था.
इसे भी पढ़ेंःबीडीओ ने बताया, पूर्व मंत्री ददई दुबे दे रहे हैं जान से मारने की धमकी




