
Palamu : कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के सरकारी दावे पलामू में खोखला साबित हो रहे हैं. पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से ऐसा दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है. इसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे. दरअसल, आवारा कुत्तों का झुंड अस्पताल परिसर में ही नवजात के शव को नोच कर खाता रहा, लेकिन वहां पर खड़े लोगों ने इंसानियत को तार-तार कर दिया. क्योंकि जिस समय कुत्ता नवजात के शव को नोच-नोचकर खा रहा था. उस दौरान कोई भी शख्स कुत्ते को भगाने के लिए आगे नहीं आया.
इसे भी पढ़ेंः क्रिसमस मनाने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए मुर्गी व्यवसायी से की थी लूटपाट, दो गिरफ्तार
घटना पलामू प्रमंडल के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल परिसर की है. रविवार को एक नवजात के शव को आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर खाया. हालांकि यह दृश्य देख मरीजों का उपचार कराने पहुंचे कुछ स्वजन अवाक रह गए. मार्मिक दृश्य देखने के बाद कुछ लोगों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी. आनन-फानन में नवजात के अधूरे पड़े शव को वहां हटाया गया.
बदहाल व्यवस्था का अंदाजा लगा सकते हैं
कुछ मरीज का उपचार कराने पहुंचे उत्तम नारायण, संजीव सिंह आदि स्वजनों ने बताया कि नवजात का शव कुत्ता खा रहा था. यह दृश्य देख अस्पताल की बदहाल व्यवस्था का अंदाजा लगा सकते हैं. कहा कि कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ मुहिम चलाई जाती है.
सरकारी स्तर पर कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं. ऐसी स्थिति में बिडंबना है कि सरकारी अस्पताल परिसर में ही ऐसी स्थिति है. लोगों ने पूरे मामले की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की है. इधर, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए मेडिकल अस्पताल के उपाधीक्षक से संपर्क साधा गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया.
इसे भी पढ़ेंः पलामू : 24 घंटे के भीतर मिले 13 नए कोरोना संक्रमित, 2.04 लाख की हुई जांच, कुल संख्या 3460




