
Ranchi : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को एक वीडियो के सामने आने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दस्तावेज के अध्ययन से यह बात साफ हो जाती है कि पीड़िता का वीडियो में दिया बयान उपलब्ध दस्तावेज से विपरीत है. बाबूलाल मरांडी ने देश के गृह मंत्री, महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक, मुंबई पुलिस कमिश्नर एवं अन्य अधिकारियों को पत्र लिख कर पीड़िता को अविलंब सुरक्षा देने की मांग की है.
मामले को दफन करने का हो रहा प्रयास
उन्होंने कहा कि उन्हें अंदेशा है कि वह युवती दबाव में बयान दे रही है. उन्हें इस बात की आशंका है कि 2013 की तरह एक बार फिर उस लड़की पर पद के प्रभाव का दवाब बना कर उससे विषय से हट कर बयानबाजी करायी जा रही है और फिर से मामले को जांच होने से पहले ही दफ़न करा देने का प्रयास हो रहा है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस मामले की सच्चाई की तह तक जाना जरूरी है, इसलिए सर्वप्रथम उस लड़की को सुरक्षा प्रदान करते हुए इस पूरे मामले की सीबीआइ जांच करायी जाये.
यह मामला मुंबई पुलिस, मुंबई उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने भी है. ऐसे में बग़ैर उच्चस्तरीय जांच इस मामले को पूर्व की तरह रफा-दफा कराने का किसी का भी मंसूबा कामयाब नहीं होगा.




