
Naveen Sharma
Ranchi : बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर को आज अपने 64वें बर्थडे पर एक स्पेशल गिफ्ट मिला है. अनुराग कश्यप स्टारर फिल्म AK vs AK गुरुवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है. अनिल कपूर के बर्थडे पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म में वह पहली बार अपने बेटा-बेटी के साथ नजर आएंगे. हालांकि इस फिल्म में अनिल कपूर और अनुराग कश्यप दोनों की अहम भूमिका है लेकिन फिल्म की असली USP अनिल कपूर ही हैं.
पहली बार अपने बेटा-बेटी के साथ नजर आएंगे
अनिल कपूर ने फिल्म के बारे में कहा, “मेरे 40 साल के करियर में ऐसा पहली बार होगा कि मेरी कोई फिल्म मेरे जन्मदिन पर रिलीज हो रही है और इस बात की मुझे खुशी है.” अनिल कपूर ने बताया, “सोनम कपूर और हर्षवर्धन को फिल्म में एक्ट करने के लिए मैंने नहीं विक्रम ने मनाया था. अगर विक्रम के अलावा कोई और फिल्म मेकर होता तो शायद वो लोग काम नहीं करते, पर मैं भी फिल्म में हूं और डायरेक्टर विक्रम हैं तो ऐसे में एक भरोसा बनता है कि फिल्म तो अच्छी ही बनेगी. इसलिए सोनम और हर्षवर्धन दोनों इस फिल्म को करने के लिए तैयार हो गए.”
इसे भी पढ़ें :आयशा का वीडियो सामने आया, भाजपा नेताओं पर मढ़ा ब्लैकमेलिंग का आरोप
अपनी जेनरेशन के वैसे स्टार जिनको आज भी मिलता है काम
अनिल कपूर अपनी जेनरेशन के वैसे रेयर स्टार में शामिल हैं जिनको आज 64 साल का हो जाने के बाद भी बड़े फिल्मों में महत्वपूर्ण रोल मिलते हैं. इसकी एक वजह तो यह है कि वे एक अच्छे एक्टर हैं. वहीं दूसरी और शायद ज्यादा महत्वपूर्ण कारण ये भी है कि अनिल खुद को एकदम फिट रखे हुए हैं. 60 प्लस हो जाने के बाद भी वो जवान नजर आते हैं. अनिल के जेनरेशन के सन्नी देओल और जैकी श्राफ भी हालांकि अपनी फिटनेस के प्रति काफी सजग हैं और जिम वैगरह भी करते हैं लेकिन इसके बावजूद इन दोनों की तुलना में अनिल ज्यादा यंग और स्मार्ट नजर आते हैं.
वो सात दिन’ से मिली पहचान
24 दिसंबर 1956 को चैंबूर, मुंबई में फिल्म प्रोड्यूसर सुरिंदर कपूर के घर जन्में अनिल कपूर की कामयाबी के पीछे लंबे संघर्ष की कहानी है. अनिल कपूर ने उमेश मेहरा की फ़िल्म ‘हमारे तुम्हारे’ (1979) में सहायक अभिनेता की भूमिका में निभा कर अपने बॉलीवुड के सफर की शुरुआत की. ‘हम पांच’ (1980) और ‘शक्ति’ (1982) के रूप में कुछ मामूली भूमिकाओं के बाद उन्हें 1983 में ‘वो सात दिन’ में अपनी पहली बार लीड रोल मिला. इसमें उन्होंने उत्कृष्ट एवं स्वाभाविक अभिनय किया.
वह उनके जीवन का 27वां साल ही था जब उनके भाई बोनी कपूर ने तमिल फिल्म ‘Antha Ezhu Naatkal’ के रीमेक राइट्स खरीदकर ‘वो सात दिन’ बनाने का इरादा किया. लेकिन एक मध्यम वर्गीय परिवार से आने वाले बोनी कपूर के लिए यह फिल्म बनाना इतना भी आसान नहीं था, इस फिल्म को प्रोड्यूस करने के लिए उन्हें संजीव कुमार और शबाना आज़मी से आर्थिक मदद लेनी पड़ी. ‘वो सात दिन’(1983) में पद्मिनी कोल्हापुरे के साथ लीड रोल में नज़र आने से पहले उन्होंने तेलगू और तमिल फिल्म इंडस्ट्री में भी कठिन संघर्ष किया है. इतना ही नहीं, अनिल अभिनय के अलावा स्वर साधने की काबिलियत भी रखते हैं. ‘वो सात दिन’ के सबसे पॉपुलर गीत ‘प्यार किया नहीं जाता, हो जाता है…’ में खुद अनिल कपूर की ही आवाज़ है.
80 और 90 के दशक में जलवा था , पिक पर था करियर
यश चोपड़ा की ‘मशाल’ फिल्म में इन्होंने दिलीप कुमार के साथ अभिनय कौशल दिखाया. इसके बाद सुभाष घई के निर्देशन में बनी ‘मेरी जंग’ (1985) में न्याय के लिए लड़ रहे एक नाराज युवा वकील की भूमिका में वे एक परिपक्व अभिनेता के रूप में पहचान बनाने में सफल रहे. इसी वर्ष रीलीज हुई साहेब में भी अनिल कपूर ने युवा फुटबॉल खिलाड़ी की भूमिका निभायी थी.
‘कर्मा’, और ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी सुपर हिट फिल्में
अस्सी के दशक में अनिल कपूर के सितारे बुलंदी पर थे. इस दशक के दूसरे हॉफ में इन्होंने बड़े बैनर की कई सुपर हिट फिल्मों में काम किया था. सुभाष घई की मल्टी स्टारर फिल्म ‘कर्मा’ (86) में वे दिलीप कुमार, नसीरूद्दीन शाह और जैकी श्राफ के साथ भी अपनी मौजूदगी दिखाने में कामयाब रहे थे. वहीं 1987 में इन्होंने भारत की शायद पहली साइंस फिक्शन फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में काम किया. शेखर कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनिल कपूर सहज अभिनय किया था. श्रीदेवी के साथ जोड़ी भी पसंद की गयी थी. फिल्म सुपरहिट हुई थी और इसके गीत भी हिट हुए थे.
तेज़ाब में दिखा दमदार एंग्रीयंग मैन
1988 फिल्म निर्देशक एन चंद्रा ने ‘तेज़ाब’ नाम की अच्छी फिल्म बनायी थी. इसमें अनिल ने महेश देशमुख उर्फ ‘मुन्ना’ का किरदार बहुत संजीदगी से निभाया था. इस फिल्म में अनिल दमदार एंग्रीयंग मैन के रूप में नजर आये थे. ऐसा लगा था कि अमिताभ बच्चन का सही उत्तराधिकारी आ गया, लेकिन अनिल इस छवि को उतना पुख्ता नहीं कर पाये जितनी की अमिताभ ने अपनी बनायी थी. इसी फिल्म में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया था. इसके गाने एक दो तीन चार पांच छह सात.. तेरा करूं दिन गिन-गिन के इंतजार आजा पिया आयी बहार… पर माधुरी के डांस ने गजब का धमाल मचाया था. इसी फिल्म बाद इस जोड़ी ने कई और फिल्मों में साथ काम किया था.
इसे भी पढ़ें :राउरकेला में बनेगा भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम, मिलेगी 2023 विश्व कप के मैचों की मेजबानी
माई नेम ईज लखन

1989 में सुभाष घई ने एक और सुपरहिट फिल्म बनायी थी राम लखन. वैसे तो इसमें हीरो की भूमिका में राम बने जैकी श्राफ थे लेकिन अनिल कपूर के लखन के चुलबुले किरदार को लोगों ने ज्यादा पसंद किया था. इसका गाना माई नेम ईज लखन जबरदस्त हिट हुआ था. इसपर अनिल कपूर का डांस युवाओं ने बहुत पसंद किया था. इन फ़िल्मों की सफलता ने उन्हें स्टारडम की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया.
परिंदा और ‘1942 ए लव स्टोरी’ का युवा प्रेमी
1989 में विधु विनोद चोपड़ा ने जैकी श्राफ, नाना पाटेकर, माधुरी और अनिल कपूर को लेकर परिंदा नाम से फिल्म बनायी थी. वैसे तो यह फिल्म अपराध के बैकग्राउंड पर बनी थी. इसमें नाना और जैकी अंडरवर्ल्ड का हिस्सा थे. वहीं अनिल कपूर ने एक सीधे-साधे पढ़ा लिखे युवा का रोल निभाया था. हिंसा से भरपूर इस फिल्म में अनिल कपूर और माधुरी की त्रासद प्रेम कहानी जबर्दस्त प्रभाव छोड़ती है. अनिल ने इसमें लाजवाब अभिनय किया है हालांकि नाना पाटेकर पर दर्शकों का ध्यान ज्यादा रहा था. इस फिल्म के दो गीत बेहद खूबसूरत थे एक तुमसे मिल के ऐसा लगा तुमसे मिल के अरमा पूरी हुए दिल के औऱ प्यार के मोड़ पर छोड़ोगे जो बांहे मेरी.
विधु विनोद चोपड़ा ने जैकी श्राफ और अनिल कपूर की जोड़ी को लेकर 1992 में एक बहुत ही खूबसूरत फिल्म बनायी थी 1942 ए लव स्टोरी’. इस फिल्म में अनिल ने युवा प्रेमी का रोल किया था. मनीषा कोइराला के साथ ऑन स्क्रिन केमेस्ट्री को लोगों ने पसंद किया था. इस फिल्म को सफल बनाने में इसके हिट गीतों एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा, ये सफर बहुत है कठिन मगर और रिमझिम रिमझिम रुनझुन रुनझुन भिगी भिगी रूत में तुम हम हम तुम का बहुत महत्वपूर्ण योगदान था.
ईश्वर और चमेली की शादी का सीधा साधा युवा
ईश्वर फिल्म में अनिल ने एक जरूरत से ज्यादा भोलेभाले युवक का रोल किया था. यह फिल्म भी हिट हुई थी. इसके साथ ही चमेली की शादी’ फिल्म भी अनिल की सफल फिल्मों में शुमार है. अनिल की अन्य हिट फिल्मों में ताल, विरासत और रेस फिल्म के तीनों सिक्वल शामिल हैं.
एक दिन के मुख्यमंत्री का जलवा नायक

एस शंकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘नायक’ अनिल कपूर की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में शामिल है. इस फिल्म में अनिल ने पत्रकार का किरदार निभाया है. इसमें मुख्यमंत्री बने अमरीश पुरी से विवाद के बाद जब वो अनिल कपूर को सीएम बन कर काम करने की चुनौती देते हैं. इस पर अनिल 24 घंटे के सीएम बन कर जिस तेज रफ्तार से काम करते हैं वो फिल्म को रोचक बना देता है. यह फिल्म बाक्स आफिस पर तो हिट रही ही थी इसमें अनिल कपूर के अभिनय को क्रिटिक्स ने भी काफी सराहा था.
इसे भी पढ़ें :कांके, हटिया व गेतलसूद डैम को अतिक्रमणमुक्त करने की दिशा बढ़ा कदम, सप्ताह में सीमांकन
ये है अनिल की फिटनेस का राज
तीन बड़े बच्चों का पिता होने के बाद भी अनिल कपूर आज भी काफी यंग दिखते हैं. उनका फिटनेस सीक्रेट आज भी लोगों के लिए एक सवाल बना हुआ है. इस उम्र में अनिल की फिटनेस देखकर अच्छे-अच्छे स्टार्स दंग रह जाते हैं. अनिल इसके लिए अनुशासित जीवन जीते हैं. वे फिट बॉडी के लिए स्पेशल डाइट प्लान करते हैं और वर्कआउट भी करते है. वे ना तो चाय पीते हैं औऱ ना ही कॉफी. अनिल आज भी दो से तीन घंटे जिम में बिताते हैं. वह हमेशा ही अपने वर्कआउट में बदलाव करते रहते हैं. अनिल कपूर अपनी एक्सरसाइज में साइकिलिंग से लेकर जॉगिंग, मॉर्निंग वॉक और कार्डियो भी शामिल करते हैं. इसके अलावा जिम में वह क्रंचेस, सिट-अप्स, फ्री वेट्स, चेयर स्क्वेट्स, पुश-अप्स और योग भी करते हैं.

सुबह 6 बजे से शुरू होता है दिन
अनिल कपूर ने एक इंटरव्यू में अपने वर्कआउट के बारे में बात करते हुए बताया था कि मैं अपने वर्कआउट हर दिन बदलता रहता हूं. मेरा दिन सुबह 6 बजे शुरू होता है. सबसे पहले 10 मिनट कार्डियो करता हूं. फिर हफ्ते में कम से कम तीन दिन जिम में वर्कआउट करता हूं और कुछ दिन जॉगिंग, मॉर्निंग वॉक और रनिंग करता हूं. हर दिन, मैं अपने शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर काम करता हूं. अनिल कपूर के एक्टिंग करियर को 40 साल से भी ज्यादा का वक्त हो चुका है और अभी भी वह लगातार फिल्म जगत में सक्रिय हैं.
जीते हैं एकदम अनुशासित लाइफस्टाइल
अनिल कपूर एक नियमित और अनुशासित लाइफस्टाइल जीते हैं. उन्होंने स्मोकिंग हो या शराब, सबसे खुद को दूर रखा हुआ है. उन्हें पॉजिटिव रहना और तनाव से दूर रहना पसंद है. अनिल डाइट का सबसे ज्यादा ध्यान रखते हैं. वह अपनी डाइट से शुगर और जंक फूड को दूर रखते हैं और डेयरी प्रोडक्ट्स का भरपूर इस्तेमाल करते हैं.
ऐसा घटाया 27 किलो वजन
अनिल कपूर खाली पेट भरपूर पानी पीते हैं और उसके बाद नाश्ते में गोभी, सलाद और अंडे से बना सैंडविच खाते हैं. कभी सैंडविच की जगह ब्रेकफास्ट में ओट्स भी खाते हैं. चाय-कॉफी की जगह अनिल कपूर स्ट्रॉबेरी मिल्कशेक या फिर एप्पल जूस पीते हैं. लंच में ब्रॉक्ली जरूर शामिल करते हैं. यह खाना पचाने में बेहद मददगार होता है. डिनर में अलग-अलग सॉसेज के साथ सलाद लेना पसंद करते हैं.इसके अलावा उबली हुई दाल और ब्राउन राइस भी अनिल कपूर अपनी डाइट में शामिल करते हैं.
उठते ही खाते हैं केला
अनिल कपूर ने एक इंटरव्यू में बात करते हुए अपनी डाइट चार्ट के बारे में खुलासा किया और कहा- ‘मैं सुबह 6 बजे उठता हूं और सबसे पहले एक केला खाता हूं. यह मुझे पोटेशियम और आयरन के साथ कार्बोहाइड्रेट देता है. मैं दिन में पांच से छह बार खाता हूं. इसका मतलब मैं हर ढाई घंटे में कुछ ना कुछ जरूर खाता हूं. मैं अपने हर भोजन में कैलोरीज की गिनती जरूर करता हूं.
इसे भी पढ़ें :तापसी पन्नू को खूब भायी रांची, बोलीं- What a wonderful experience




