
Naveen Sharma
80 के दशक में जब बॉलीवुड के मेन स्ट्रीम सिनेमा में गिरावट का दौर चल रहा था ठीक उसी समय अच्छी और संवेदनशील फिल्मों की धारा भी साथ-साथ चल रही थी. फिल्म डायरेक्टर श्याम बेनेगल ने जो सिलसिला शुरू किया था उसे गोविंद निहलानी ने बहुत ही शानदार ढंग से आगे बढ़ाया.
अपनी उम्र के 80 बसंत देख चुके गोविंद को समानांतर फिल्मों को मुख्यधारा की फिल्मों के बराबर ला खड़ा करने और सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को बेहद कुशलता से पर्दे पर उतारती उत्कृष्ट फिल्मों के निर्माण के लिए जाना जाता है. गोविंद ने ‘आक्रोश’, ‘विजेता’, ‘अर्ध सत्य’, ‘रुकमावती की हवेली’, ‘द्रोहकाल’, ‘देव’ और ‘हजार चौरासी की मां’ जैसी समानांतर और कालजयी फिल्में बनाई हैं. उनकी फिल्मों को समीक्षकों और दर्शकों, दोनों ही वर्गो ने सराहा है.
19 दिसंबर, 1940 को कराची के सिंधी परिवार में हुआ जन्म
इनका जन्म 19 दिसंबर, 1940 को कराची में हुआ था. गोविंद सिन्धी परिवार से हैं. उनके परिवार में सबने हिंदी और संस्कृत की ही पढ़ाई की थी . परिवार के पहले पूरे पढ़े-लिखे सदस्य गोविंद ही हैं. उनके परिवार का बिज़नेस था. लेकिन आज़ादी के बाद देश का विभाजन हो जाने की वजह से कराची पाकिस्तान में चला गया तो उन्हें सब कुछ वहीं छोड़कर हिंदुस्तान आना पड़ा. हिंदुस्तान आने के बाद गोविंद का परिवार राजस्थान के उदयपुर में बस गया. गोविंद की प्राइमरी एजुकेशन भी वहीं हुई. बाद में गोविंद ने सिनेमैटोग्राफी की पढ़ाई बैंगलोर से की.
कैमरामैन वीके मूर्ति के सहायक के रूप में शुरू किया काम
गोविंद ने फिल्मों में कैमरामैन वीके मूर्ति के सहायक के रूप में काम शुरू किया. यहां तकनीकी कौशल हासिल करने के बाद वे निर्देशक श्याम बेनेगल से जुड़े. उनके साथ समानांतर सिनेमा के निर्देशन की बारीकियां सीखने में मदद मिली. बेनेगल के साथ इन्होंने ‘निशांत’, ‘मंथन’, ‘जुनून’ जैसी बेहतरीन फिल्मों सिनेमोटोग्राफर के रूप में काम किया.
निर्देशक के रूप में आक्रोश जैसी जबरदस्त फिल्म बनायी, जीता नेशनल अवार्ड
गोविंद ने सिनेमा की बारिकियां सिखने के बाद निर्देशक के रूप में काम शुरू किया. 1980 में प्रदर्शित फिल्म ‘आक्रोश’ उनकी पहली फिल्म थी. सच्ची कहानी पर आधारित इस फिल्म की पटकथा प्रख्यात नाटककार विजय तेंदुलकर ने लिखी थी. ओमपुरी, नसीरुद्दीन शाह जैसे बेहतरीन अभिनेताओं की दमदार एक्टिंग वाली फिल्म ने निहलानी को कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों दिलाये.

‘अर्द्ध सत्य’ में अमिताभ ने काम करने से किया इन्कार तो ओम पुरी को मिला गोल्डन चांस
गोविंद निहलानी अपनी फिल्म ‘अर्द्ध सत्य’ में अमिताभ बच्चन को लीड रोल में लेना चाहते थे, अमिताभा ने मना कर दिया तो उन्होंने ओम पुरी को साइन कर लिया. इस फिल्म ने ना सिर्फ तहलका मचाया, बल्कि एक नया कीर्तिमान भी गढ़ दिया. ‘अर्धसत्य’ में निहलानी ने अपने कैमरे और कहानी के माध्यम से जो तानाबाना बुना था, उसे आज भी एक खास स्थान हासिल है. ‘अर्धसत्य’ ने अलग-अलग वर्गो में पांच फिल्मफेयर पुरस्कार जीते थे.
विलेन के रूप में सदाशिव अमरापुरकर ने अपनी अलग छाप छोड़ी. फिल्म की कहानी यथार्थ के बहुत करीब थी. इसमें पुलिस व्यवस्था की दुर्दशा व गंदगी बहुत ही वास्तविक रूप में दर्शायी गयी है. इसमें सब इंस्पेक्टर अनंत वेलेंकर की कुंठा,तनाव, बेबसु और गुस्से को ओम पुरी ने पूरी शिद्दत से उभरा है. वेलेंकर राजनेता बने सदाशिव अमरापुरकर का पालतू कुत्ता बनने से इन्कार करते हुए उसे मार देता है. इस फिल्म में यादगार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था.

इसे भी पढ़ें :21 दिसंबर तक मौसम में कोई बदलाव नहीं, 23 के बाद न्यूनतम तापमान में होगी बढ़ोतरी
तमस यादगार सीरियल
गोविंद निहलानी के टीवी सीरियल तमस के लिए भी हमेशा याद आएंगे. भीष्म साहनी के उपन्यास पर बने तमस में भारत-पाकिस्तान बंटवारे की त्रासदी बहुत ही दिल दहला देने वाले अंदाज में बयां होती है. इसमें ओम पुरी ने बहुत ही यादगार किरदार निभाया था.
नक्सलबाड़ी आंदोलन पर आधारित फिल्म ‘हजार चौरासी की मां’
पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी आंदोलन पर आधारित उनकी फिल्म ‘हजार चौरासी की मां’ भी फिल्मी पायदान पर एक अलग उपलब्धि हासिल करने में सफल रही थी. इसी प्रकार उनकी फिल्म ‘द्रोहकाल’ ने भी दर्शकों और आलोचकों सभी का दिल जीत लिया था.
प्रख्यात अभिनेता और निर्देशक कमल हासन ने ‘द्रोहकाल’ का तमिल रीमेक ‘कुरुथीपुनल’ भी बनाया था, जिसे बाद में 68 वें अकादमी
पुरस्कार के लिए सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया. निहलानी की फिल्में ऐसी नहीं होतीं, जिन्हें आप देखें और देखकर भूल जाएं. अव्वल तो उनकी फिल्म का प्रभाव फिल्म खत्म होने के बाद शुरू होता है. उनके पात्र आमतौर पर बुद्धिमान, गंभीर और विश्वास से भरे नजर आते हैं तो वहीं उनके कई पात्रों के भीतर एक आग दिखाई देती है, समाज के प्रति आक्रोश दिखाई देता है.
इसे भी पढ़ें :दुमका में 22 दिसंबर को लगेगा रोजगार मेला, 400 से भी अधिक पदों पर होगी नियुक्ति
पद्मश्री सम्मान मिला
निहलानी रंगमंच को भी बॉलीवुड के समान ही बेहद सशक्त माध्यम मानते हैं. उनका मानना है कि सिनेमा और रंगमंच दो बहनों की तरह हैं और बॉलीवुड के प्रभुत्व के बावजूद रंगमंच का अपना अलग स्थान और महत्व है. निहलानी को ‘जुनून’, ‘हजार चौरासी की मां’, ‘तमस’, ‘आक्रोश’, ‘अर्धसत्य’ और ‘दृष्टि’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा उन्हें पांच फिल्मफेयर पुरस्कार और 2002 में नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से भी नवाजा जा चुका है.
इसे भी पढ़ें :सिपाही की पत्नी और जमीन पर थी मामा की नजर, घर बुलाकर भांजे को शराब पिलायी और पत्थर से कूच डाला




