
Hazaribagh : एक मामा ने अपने सिपाही भांजे की इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसकी नजर भांजे की पत्नी के नाम जमीन के एक टुकड़े पर थी. इसी जमीन को हथियाने की खातिर इस मामा ने अपने भांजे की पत्नी को ही अपने प्रेम जाल में फंसाकर उससे शादी करने और उसके नाम जमीन को हड़पने की योजना बनायी. लेकिन, इसके लिए उसे सबसे पहले अपने भांजे को रास्ते से हटाना था.
सो, एक रोज रात में उसने अपने भांजे को अपने पास बुलाया और उसे जमकर शराब पिलायी. नशे में जब सिपाही भांजा खुद को संभालने के लायक भी नहीं बचा, तब इस शातिर मामा ने पत्थर से उसका सिर कूचकर उसकी हत्या कर डाली. अब वह मामा पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस के मुताबिक, ये सारी बातें उसी ने पुलिस को अपने स्वीकारोक्ति बयान में बतायी हैं.
15 दिसंबर को हुई थी हत्या
हत्या की यह घटना 15 दिसंबर की रात की है. इस मामले में शनिवार को एसआईटी की टीम ने आरोपी मामा चतरा मयूरहंट के सोकी निवासी अशोक कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया. बता दें कि पीसीआर वैन चालक सिपाही विरेंद्र कुमार मेहता की 15 दिसंबर की रात हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में अशोक कुमार मेहता के खिलाफ इचाक थाना में प्राथमिकी (कांड संख्या 311/20) दर्ज की गयी थी.
जिस पत्थर से सिर कुचला, उसे पुलिस ने कर लिया बरामद
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोलेरो, ब्लू रंग का ओप्पो मोबाइल, एक नोकिया कंपनी का कीपैड मोबाइल और खून जैसा दाग लगी एक ब्लू रंग की जींस व काले रंग की टीशर्ट बरामद किये हैं. साथ ही जिस पत्थर से चालक सिपाही को मारा गया, उसे भी बरामद करने की बात कही गयी है.
पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी कार्तिक ने बताया कि 15 दिसंबर की रात 8:30 बजे सिपाही विरेंद्र कुमार अपनी पीसीआर वैन कंट्रोल रूम में लगाकर अपनी बाइक से दीपूगड़ा पहुंचा. परिजनों द्वारा उसके फोन पर संपर्क करने पर उसने फोन नहीं उठाया, तो परिजनों को शक हुआ. बाद में विरेंद्र के भाई ने जब उसे फोन लगाया, तो उसने अपने मामा अशोक कुमार मेहता के साथ होने की बात बतायी.
एसपी ने बताया कि दीपूगढ़ा पहुंचने पर अशोक कुमार मेहता ने विरेंद्र को खूब शराब पिलायी. उसने उसे नशे में इतना धुत कर दिया गया कि उसे आराम से इचाक की सुनसान जगह पर ले जाकर पत्थर से सिर पर वार कर उसको मौत के घाट उतार दिया.
एसपी ने बताया कि अभियुक्त अशोक कुमार मेहता ने स्वीकारोक्ति बयान में कहा है कि विरेंद्र कुमार मेहता की पत्नी के नाम पर कुछ संपत्ति है, जिस पर उसकी नजर थी. इसी कारण उसने विरेंद्र की पत्नी को अपने प्रेम जाल में फंसाने के बाद उससे विवाह कर साथ रहने की योजना बनायी. इसी योजना के फलस्वरूप उसने विरेंद्र को 15 दिसंबर को दीपूगढ़ा बुलाकर उसे मार दिया.




