
Giridih : जाली नोटों के साथ गिरिडीह के पचंबा थाना की पुलिस ने एक आरोपी सुधीर विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी सुधीर पहले से हीरोडीह थाना में दर्ज एक कांड का नामजद आरोपी रह चुका है. शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसपी अमित रेणु, डीएसपी संतोष मिश्रा और थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि आरोपी सुधीर विश्वकर्मा डुमरी के भंडारो गांव का रहनेवाला है.
200 के 43 और 50 रुपये के 300 पीस नकली नोट बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस शनिवार को गश्ती पर थी, उसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पचंबा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने शहर के बक्सीडीह-माथाडीह मोड़ के समीप छापामारी की. इस दौरान नकली नोट की अदला-बदली करने के क्रम में पुलिस ने सुधीर विश्वकर्मा को 200 रुपये के 43 पीस और 50 रुपये के 300 पीस नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने एक बाइक के साथ एक मोबाइल भी जब्त किया है. एसपी ने प्रेसवार्ता के क्रम में बताया कि आरोपी सुधीर विश्वकर्मा प्रिंटर से नकली नोट छापकर उसे बाजार में खपाता था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.




