
Latehar/Palamu : संक्रमण काल के बीच जहां रेल मंत्रालय और राज्य सरकार की सहमति से आवागमन की सुविधा बहाल करने को लेकर सवारी ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया. मगर किसी भी सवारी ट्रेन का ठहराव धनबाद रेल मंडल के बरवाडीह, छिपादोहर और केचकी रेलवे स्टेशन में नहीं किया गया. इसे लेकर स्थानीय लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
गुरूवार को बरवाडीह रेलवे स्टेशन परिसर में समाजसेवी कन्हाई सिंह, महिला समाजसेवी सन्तोषी शेखर और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों ने एक दिवसीय उपवास सह धरना दिया. मौके पर राज्य सरकार और रेल मंत्रालय से ट्रेनों के ठहराव की मांग की गयी. साथ ही साथ इस रेल मार्ग में पैसेंजर ट्रेन चलाने की भी मांग रखते हुए स्टेशन प्रबंधक को मांग पत्र सौंपा गया. मांग पत्र के माध्यम से अल्टीमेटम दिया गया है कि अगर 14 दिसंबर तक ट्रेन का ठहराव नहीं किया गया तो 15 दिसंबर से रेल चक्का जाम किया जाएगा.
धरना सह प्रदर्शन में राजद के प्रखंड अध्यक्ष अली हसन अंसारी, आजसू के जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर, यूथ कांग्रेस के पलामू प्रमंडल समन्वयक हिमांशु गुप्ता, कुमार साजन सिंह, प्रभाकर, छात्र नेता आदित्य कुमार यदुवंशी, राजद के जिला महासचिव आदित्य कुमार यादव, सुमित कुमार, अंकित कुमार गुप्ता, जितेंद्र कुमार यादव, अभिजीत चंद्रा, जैकी चंद्रा, दीपक राज, दीपू, विकास कुमार समेत काफी संख्या में विभिन्न गांवों के लोग मौजूद थे.




