
Giridih : गिरिडीह के साइबर थाना पुलिस ने साइबर क्राइम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये आरोपियों में जामताड़ा के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी महेंद्र मंडल और दिनेश मंडल के अलावा गांडेय बाजार के सुमन शर्मा और कुणाल गुप्ता शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चारों आरोपियों ने कबूला है कि उन्होंने फर्जी कॉल के साथ करीब आधा दर्जन मोबाइल एप्स के माध्यम से अनगिनत बैंक खाताधारकों के खाते से लाखों रुपये उड़ाये हैं.
गुरुवार की शाम पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर प्रशिक्षु आईपीएस हारिश-बिन-जमां और साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी व साइबर एसआई कृष्णाकांत ने बताया कि जामताड़ा के दोनों आरोपी चार सदस्यीय गिरोह के मास्टर मांइड हैं. इनलोगों ने एप और फर्जी कॉल कर अब तक कितने खाताधारकों के खाते से पैसे उड़ाये हैं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है.
इसे भी पढ़ें : अवैध ढिबरा लदा ट्रक जब्त कर ले जा रहा था गश्ती दल, रास्ते में 20-25 लोगों ने कर दिया हमला, ट्रक लेकर हो गये फरार
ICICI बैंक के पोर्टल का करते थे इस्तेमाल
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन को खंगाल रही है. वैसे प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया किया कि चारों आरोपी आईसीआईसीआई बैंक के पोर्टल का इस्तेमाल कर सिम स्वैपिंग से ठगी तो करते ही थे, साथ ही बल्क संदेश भेजकर और एप के माध्यम से भी ठगी किया करते थे.
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वे लोग रिमोट एक्सेस एप के साथ एनी डेस्क, टीम व्यूअर समेत अन्य एप का इस्तेमाल करते थे, जिनके माध्यम से ये खातों से पैसे उड़ाते थे.
इसे भी पढ़ें : ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ फेम जीशान कादरी पर फिल्म निर्माता ने दर्ज कराया एफआईआर




