
Koderma : जिले में अवैध माइका व्यापार को रोकने की मुहिम चल रही है. इसी क्रम में गुरुवार को अहले सुबह गश्ती के दौरान वनरक्षी को सूचना मिली कि डोमचांच के पारहो जंगल में अवैध खनन कर ढिबरा निकाला जा रहा है.
सूचना मिलते ही गश्ती दल सरकारी वाहन (जेएच12जी 7696) से घटनास्थल पर पहुंचा. गश्ती दल ने अवैध रूप से ढिबरा लदी गाड़ी को जब्त कर लिया.
जब्त कर गश्ती दल उस गाड़ी को लेकर पुलिस पिकेट सपही जा रही थी, तभी पारहो ग्राम के पास आई-20 गाड़ी (जेएच12एच 7107), एक बिना नंबर प्लेट की सफेद बोलेरो और कुछ मोटरसाइकिलों से लाठी-डंडे से लैस 20-25 लोग आये और गश्ती दल पर हमला कर दिया.
इसे भी पढ़ें : ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ फेम जीशान कादरी पर फिल्म निर्माता ने दर्ज कराया एफआईआर
वनरक्षी ने डोमचांच थाना में दर्ज कराया मामला
हमले में वनरक्षी राजेश कुमार यादव के अलावा अन्य वनरक्षी घायल हो गये. हमलावर जब्त किये गये ट्रक को लेकर फरार हो गये. साथ ही हमलावरों ने वनरक्षी राजेश कुमार यादव का मोबाइल फोन भी छीन लिया.
इस बाबत डोमचांच थाना में वनरक्षी अभिमन्यु कुमार ने आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. घटना में शामिल कुछ अभियुक्तों की शिनाख्त कर ली गयी.
हमला करने के आरोपियों में ढिबरा के अवैध व्यवसायी सपही के प्रदीप साव, जयकार साव, पारहो के पप्पू साव, पप्पू यादव, सुधीर यादव, मसनोडीह निवासी और ट्रक मालिक संटू मेहता शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : जामताड़ा में साइबर क्राइम के 16 आरोपी गिरफ्तार




