
- निदेशक बोले- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है स्कूल
Koderma : सालों पहले देखा गया सपना अब हकीकत बन रहा है. खुद पढ़-लिखकर समाज के गरीब बच्चों को संसाधन उपलब्ध कराकर बेहतर अवसर मुहैया कराने की सोच के साथ अब्दुर्रहमान ने कोडरमा के इंदरवा में झारखंड पब्लिक स्कूल खोला. मकसद था शहरी और ग्रामीण इलाकों में मिल रही शिक्षा के स्तर के अंतर को पाटना. स्कूल के भव्य भवन के साथ ही कठिन मेहनत और सामूहिक प्रयास से काफी कम दिनों में उन्होंने इस स्कूल की एक अलग पहचान बना ली. कभी 8वीं तक की पढ़ाई के लिए झारखंड पब्लिक स्कूल को जाना जाता था, लेकिन अब इस स्कूल को सीबीएसई से मान्यता मिल गयी है और स्कूल के निदेशक अब्दुर्रहमान ने जो सपने देखे थे, उन्हें एक राह मिल गयी है.
इसे भी पढ़ें- विभावि : बैकलॉग परीक्षाओं के नाम होगा दिसंबर-जनवरी माह, जल्द घोषित होगी फॉर्म भरने की तिथि
इसी वर्ष से नौवीं कक्षा में स्टूडेंट्स का होगा रजिस्ट्रेशन
शुक्रवार को सीबीएसई से मान्यता मिलने के बाद स्कूल निदेशक अब्दुर्रहमान और स्कूल की सचिव साजिया तरन्नुम ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह स्कूल झारखंड सामाजिक विकास न्यास द्वारा संचालित है, जिसके अध्यक्ष अब्दुर्रहमान ही हैं. न्यास के सचिव संजीव समीर ने बताया कि सीबीएसई से मान्यता मिलने के बाद इसी वर्ष से नौवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन स्कूल से किया जायेगा. इधर, स्कूल को सीबीएसई से मान्यता मिलने पर न्यास के रवि शंकर, बैजनाथ यादव, प्रकाश कुमार, सहदेव यादव, विनोद साव, तरुण यादव, मनोज यादव, यमुना यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की है.
जिस मकसद से स्कूल की स्थापना हुई, उसे पूरा करने का प्रयास जारी है : अब्दुर्रहमान
निदेशक अब्दुर्रहमान ने कहा कि स्कूल की स्थापना जिस मकसद के साथ की गयी थी, उस मकसद को पूरा करने का प्रयास जारी है. उन्होंने कहा कि स्कूल कोडरमा ही नहीं, आस-पास के इलाकों में भी शिक्षा की गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था के लिए जाना जायेगा. अब सीबीएसई से मान्यता भी मिल चुकी है. कोरोना काल से उत्पन्न स्थिति और सरकार के निर्देश के बाद नये सत्र से सीबीएसई मापदंडों के अनुरूप स्कूल संचालित होगा.
इसे भी पढ़ें- डीएसपीएमयू में होगी प्रोफेसरों की नियुक्ति, शनिवार से 22 विषय के शिक्षकों का होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन




