
Palamu: 15वें वित्त आयोग की योजनाओं के चयन के लिए आज जिला परिषद की बैठक हुई. अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष प्रभा देवी ने की. बैठक में 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 हेतु 1059 चयनित योजनाओं के कार्यान्वयन की सहमति मिली. इन योजनाओं के लिए आवंटित राशि 1058.00 लाख के विरुद्ध 1219.76 लाख रुपये खर्च की राशि को जिला परिषद की बैठक में पारित किया गया. इसके पूर्व योजनाओं को लेकर जिला परिषद सदस्यों में विचार-विमर्श एवं सहमति मिलने के बाद यह पारित हुआ.
योजनाओं का चयन सेक्टरवार किया गया है. इसमें आबद्ध एवं अनावद्ध सेक्टर शामिल है. आबद्ध सेक्टर में 540 चयनित योजनाएं हैं, जबकि अनावद्ध कोटि में 519 योजनाओं का चयन किया गया है. आबद्ध सेक्टर में स्वच्छता एवं ओडीएफ स्टेटस को बनाए रखने से संबंधित कार्य किए जाने हैं. वहीं पेयजल व्यवस्था, वर्षा जल संरक्षण एवं जल के पुनर्चक्रण से संबंधित कार्य संपन्न कराए जाने हैं.
इसे भी पढ़ें :लड़कियों के लिए खुले सैनिक स्कूलों के द्वार
इसके अलावा अनाबद्ध सेक्टर में सामुदायिक परिसंपत्ति का अनुरक्षण एवं रख रखाव, पथ एवं फुटपाथ का रख रखाव, जलापूर्ति एवं जल जीवन मिशन अंतर्गत नल कनेक्शन, मरम्मत एवं रख रखाव, शिक्षा से जुड़ी योजनाएं, महिला एवं बाल विकास, शमशान एवं कब्रगाह का अनुरक्षण, संचालन एवं रखरखाव, ग्रामीण विद्युतीकरण (स्ट्रीट लाइट का रखरखाव), स्वच्छता (ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, सोख्ता प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण एवं अनुरक्षण, स्नान एवं धुलाई घाट का प्रबंधन एवं नियंत्रण) तथा गैर परंपरागत ऊर्जा के स्रोत सेक्टर शामिल हैं. सेक्टर के कार्य संबंधित स्थाई समितियों द्वारा कराया जाना है.
इसे भी पढ़ें :अवैध खदान को लेकर तेरा इलाका-मेरा इलाका कर रहे थे अधिकारी, गूगल मैप ने सुलझाया ‘सीमा विवाद’
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष प्रभा देवी ने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा. वहीं जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत पारित जिला परिषद की विकास योजना से गांवों का विकास होगा और इसमें लोगों को रोजगार भी उपलब्ध हो पाएगी. साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एक परिसंपत्ति विकसित होगी, जिसका लाभ सभी को मिलेगा.
बैठक में उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर ने सभी का स्वागत किया. साथ ही उन्होंने बैठक के एजेंडों पर प्रकाश डालते हुए जिला परिषद क्षेत्र में विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने की बातें कही और सभी से सहयोग की अपील की.
कोविड-19 महामारी के मद्देनजर जिला परिषद की यह बैठक आंशिक रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई. जिसमें सभी जिला परिषद सदस्य समाहरणालय के एनआईसी सभागार कक्ष से एवं सभी प्रखंड प्रमुख संबंधित प्रखंड कार्यालय से एवं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों से एवं झारनेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे.
इसे भी पढ़ें :बिक गये आबोहवा में जहर घोलनेवाले करोड़ों के पटाखे, तब आया है सिर्फ ग्रीन पटाखे बेचने का आदेश




