
Palamu : दीपावली और छठ को लेकर अलर्ट पलामू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई कर तीन अफीम तस्करों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें तीन आरोपी बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं. चोरी कर मोटरसाइकिलों को पुलिस का प्रतीक चिन्ह लगा कर सीमावर्ती इलाकों के नंबर प्लेट पर कम दाम में बेचा करते थे.
बस डिपो रोड के होटल से धराये तीन अफीम तस्कर
मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ संदीप गुप्ता ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस अलर्ट पर थी. इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि कचहरी के समीप बस डिपो रोड के एक होटल में अफीम की बिक्री को लेकर डील होनेवाली है. सूचना पर इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अरूण कुमार माहथा के नेतृत्व में टीओपी-1 के प्रभारी मो. नबी अंसारी ने छापामारी की. होटल के कमरे में तलाशी लेने पर तीन ड्रग तस्कर पकड़े गये.
बेचनेवाले चतरा के, खरीदार राजस्थान का
एसडीपीओ ने कहा कि कार्रवाई के दौरान पकड़े गये तीन आरोपियों में दो युवक जितेन्द्र यादव और मिथिलेश यादव चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के झिरनिया के निवासी हैं. दोनों गांव में अफीम की खरीद करते हैं और कमीशन पर बेचा करते थे. तीसरे युवक की पहचान राजस्थान के जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के पोपवास निवासी भंवर लाल के रूप में हुई है. भंवर पिछले दो वर्ष से अफीम का कारोबार कर रहा था. 90 हजार रुपये में भंवर लाल ने जितेन्द्र यादव और मिथिलेश यादव से अफीम खरीदी थी. हालांकि इसकी बाजार कीमत एक लाख रुपये से अधिक है. जितेन्द्र यादव और मिथिलेश यादव पांकी थाना क्षेत्र से पूर्व में नशीले पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुके हैं.
इसे भी पढ़ें:छठी जेपीएससी परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखी जायें : हाइकोर्ट
मजदूरी करते हुए तस्करी की बनायी योजना
मिथिलेश यादव और भंवर लाल छतीसगढ़ के अंबिकापुर में मजदूरी करते थे. इसी बीच दोनों ने ड्रग तस्करी की प्लानिंग की. मिथिलेश ने बताया कि उसके गांव में अफीम का कारोबार बहुत होता है. भंवर लाल भी इसी कारोबार से जुड़ा था. दोनों की प्लानिंग में जितेन्द्र यादव भी शामिल हुआ. योजना के अनुसार चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र के झिरनिया अफीम लाकर मेदिनीनगर में डिलिवरी देने की योजना बनायी गयी. इधर, भंवर लाल भी अफीम लेने के लिए मेदिनीनगर पहुंचा और पुलिस की कार्रवाई में फंस कर रह गया.
अफीम के अलावा क्या-क्या मिला?
आरोपियों के पास से 948 ग्राम अफीम के अलावा 60 हजार 400 नगद, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी है.
शातिर बाइक चोर गिरोह के तीन गिरफ्तार
मेदिनीनगर शहर पुलिस को दूसरी सफलता बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ मिली. पुलिस ने गिरोह में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इनकी गिरफ्तारी दो जगहों से की गयी. इनमें से दो को मेदिनीनगर व एक को गढ़वा के मेराल से गिरफ्तार किया गया.
इनके पास से तीन चोरी की बाइक भी बरामद की गयी. गिरफ्तार आरोपियों में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी निवासी रवि कुमार पाल एवं पिंटू चौधरी है, जबकि गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के बंका निवासी अजय राम शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें:स्कूल में बायोमीट्रिक अटेंडेंस नहीं बनानेवाले पारा शिक्षकों पर कार्रवाई का निर्देश
चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदता था अजय
एसडीपीओ संदीप गुप्ता ने बताया कि शहर थाना क्षेत्र के महिन्द्रा आर्केड से सबसे पहले रवि की गिरफ्तारी हुई. रवि पाल यहां डॉ. राजीव रंजन के स्टाफ की मोटरसाइकिल चोरी करने की फिराक में था. इसी बीच आसपास के लोगों ने उसे रंगेहाथ पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया. उससे पूछताछ की गयी तो उसने अपने साथियों के नाम बताये.
उसकी निशानदेही पर पिन्टु चौधरी पकड़ा गया, जबकि गढ़वा में छापामारी कर अजय राम को गिरफ्तार किया गया. अजय राम चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदता था और उस पर पुलिस के चिन्ह और रंग चढ़ा कर और इंजन चेचिस नंबर मिटा कर कम दाम में मोटरसाइकिलें बेच देता था. मोटरसाइकिलों में सीमावर्ती राज्यों का नंबर प्लेट इस्तेमाल में लाया जाता था. रवि और पिंटू शातिर बाइक चोर हैं और मास्टर चाबी से मोटरसाइकिलों को चोरी कर ले जाते थे.
चोरी कांडों में शामिल हैं आरोपी
शहर थाना प्रभारी अरूण कुमार माहथा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में तीन कांड दर्ज हैं. कुछ दिन पूर्व शहर के महिन्द्रा आर्केड और एसडीओ कोर्ट के समीप सहित एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल कांड में इनकी संलिप्तता रही है.
इसे भी पढ़ें: जहां राजनीतिक दल के लोग बैठते हैं, वहां राजनीति न हो, यह कैसे संभव है : मुख्यमंत्री




