
- राज्य परियोजना निदेशक शैलेश कुमार चौरसिया ने सभी डीईओ-ईएसई को पत्र लिखकर दिया निर्देश
Ranchi : जिन पारा शिक्षकों ने बायोमीट्रिक अटेंडेंस दर्ज नहीं की है, उन पर कार्रवाई की जायेगी. इस संबंध में राज्य परियोजना निदेशक शैलेश कुमार चौरसिया ने पत्र जारी किया है. पत्र सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षकों के नाम लिखा गया है.
इस पत्र में लिखा गया है कि वैसे पारा शिक्षक, जो बायोमीट्रिक या टैबलेट होने के बावजूद अटेंडेंस दर्ज नहीं करते, उन पर कार्रवाई की जाये. ई-विद्यावाहिनी के तहत सभी शिक्षकों को बायोमीट्रिक अटेंडेंस दर्ज कराने का आदेश दिया गया है.
निदेशक की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा बार-बार अनुरोध कर रहा है. अनुरोध ऐसे पारा शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए किया जा रहा है, जिनकी बायोमीट्रिक में अटेंडेंस शून्य है. ऐसे में मानदेय भुगतान के पहले जिला और प्रखंड के जिम्मेदार पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: जहां राजनीतिक दल के लोग बैठते हैं, वहां राजनीति न हो, यह कैसे संभव है : मुख्यमंत्री
जिन स्कूलों को टैबलेट नहीं मिला, वहां के शिक्षकों का भुगतान होगा
पत्र में निर्देश दिया गया है कि वैसे स्कूल, जहां टैबलेट नहीं दिया गया है, साथ ही शिक्षकों ने स्कूल में अपनी सेवा दी है, अटेंडेंस रिपोर्ट के अनुसार प्रखंड से सत्यापित करते हुए इन शिक्षकों का मानदेय भुगतान किया जाये. साथ ही, राज्य परियोजना को भी इसकी रिपोर्ट दी जाये. मानदेय भुगतान के साथ ही पारा शिक्षकों का बायोमीट्रिक सिस्टम में रजिस्टर्ड होना अनिवार्य है. इसके लिए जिला शिक्षा अधीक्षक या प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ऐसे शिक्षकों के रजिस्टर्ड होने का सत्यापन करेंगे.
इसे भी पढ़ें:छठी जेपीएससी परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखी जायें : हाइकोर्ट




