
Giridih : जिले के गांवा बाजार में अवैध तरीके से रेलवे का टिकट बेचने के आरोप में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम गौतम कुमार पासी है. कोडरमा और हजारीबाग रोड स्टेशन रेल पुलिस ने सोमवार को बाजार में गौतम कुमार पासा द्वारा संचालित कंप्यूटर पैलेस नामक दुकान में छापामारी की थी.
इस दौरान रेल पुलिस ने आरोपी की दुकान से लैपटॉप और कंप्यूटर जब्त कर लिया है. साथ ही, दुकान के एक स्टाफ को पूछताछ के लिए साथ ले गयी है.
इसे भी पढ़ें –मुकेश जालान हत्याकांड का मेन शूटर सनी अरेस्ट
एक दर्जन से ज्यादा टिकट जब्त
रेलवे पुलिस के मुताबिक, छापामारी के दौरान आरोपी की कंप्यूटर पैलेस दुकान से कोलकाता, जयपुर, गुजरात, मुंबई समेत अलग-अलग शहरों के ऐसे दर्जन भर से अधिक ट्रेन टिकट जब्त किये गये हैं. इन्हें आरोपी गौतम पासी ने अलग-अलग तिथियों के सफर के लिए यात्रियों के लिए बुक कर रखा था.
इसे भी पढ़ें –झारखंड में अपने किस बड़े भाई को तेजस्वी ने कहा शुक्रिया!
खास सॉफ्टवेयर का करते थे इस्तेमाल
कोडरमा रेल पुलिस के मुताबिक, आरोपी गौतम पासी कई महीनों से रेलवे का टिकट बनाकर उसे बेचने का गोरखधंधा कर रहा था. इसके लिए आरोपी ने अपनी दुकान के कर्मी के सहयोग से अपने नाम से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर अपनी पर्सनल आईडी बना रखी थी.
छापामारी के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी दुकानदार एक खास सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर यह गोरखधंधा कर रहा था. जो सॉफ्टवेयर रेलवे पुलिस को हाथ लगा है, उसकी कालाबाजारी की बात कही जा रही है. रेलवे पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. छापामारी अभियान में रेलवे पुलिस के निरीक्षक पंकज कुमार, जवाहरलाल, कुमार नयन सिंह समेत कई शामिल थे.
इसे भी पढ़ें – Breaking : कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार को निलंबित करने के प्रस्ताव पर सीएम दे दी सहमति, रिश्वत लेने का लगा था आरोप




