
- सन्नी का साथी सुमन भी गिरफ्तार, संपत्ति विवाद में हुई थी हत्या
Ranchi: फायनांस कर्मी मुकेश जालान को शूट करने वाले सन्नी और उसके सहयोगी सुमन चड्ढा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सन्नी रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर का निवासी है. जालान की हत्या संपत्ति विवाद में हुई थी. उसकी सुपारी सन्नी ने ली थी और अपने साथियों के साथ मिलकर 6 फरवरी 2020 को किशोरगंज रोड नंबर एक में घटना को अंजाम दिया था. पुलिस की बढ़ती दबिश के चलते सन्नी कोर्ट में सरेंडर की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसे पुलिस ने दबोच लिया.
मुकेश जालान की हत्या करने के लिए दो बाइक पर पर छह अपराधी पहुंचे थे. इस मामले में अब तक चार अपराधी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं. इस हत्याकांड के खुलासे में पूर्व थाना प्रभारी संजय कुमार का अहम रोल रहा. पुलिस फिलहाल सन्नी और सुमन से पूछताछ कर रही है. अब तक की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि संपत्ति विवाद में ही मुकेश की हत्या हुई है. पुलिस इससे संबंधित जांच में जुटी है.
मुकेश की हत्या के बाद सन्नी बिहार भाग गया था. वह एक कबाड़ी दुकान में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने मुकेश की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी ली थी. सुपारी की रकम में से 24 हजार रुपये एडवांस लिया था. हालांकि पूछताछ में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है कि उसे सुपारी की रकम किसने दी थी. माना जा रहा है कि मुकेश के करीबी रिश्तेदार ने ही सुपारी देकर हत्या करायी है. मुकेश जालान की पैतृक संपत्ति की एक जमीन पर अपार्टमेंट का निर्माण चल रहा है. इसी विवाद को केंद्र बिंदु मानकर पुलिस जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें – स्टेट बैंक ग्राहक सेवा केंद्र से दिनदहाड़े 90 हजार की लूट, संचालक जख्मी




