
Palamu : पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र में लगातार शव मिल रहे हैं. 2 दिन पहले एक महिला और उसके दो बच्चों के शव कुएं से मिलने के बाद आज एक 35 वर्षीय युवक की लाश नदी से बरामद की गयी. ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक की हत्या की गयी है और उसके शव को सदाबह नदी में लाकर फेंका गया है. युवक पिछले 24 घंटे से लापता था और उसके परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें : पलामू : भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, युवक गिरफ्तार
ग्रामीणों ने नदी किनारे शव देखा
जानकारी के अनुसार युवक की पहचान जगन्नाथ राम के 35 वर्षीय पुत्र चुन्नू उर्फ उदित राम के रूप में हुई है. उसका शव राजहरा पंचायत के चनेया गांव के सीएसडी कॉलेज के पीछे सदाबह नदी में फेंका हुआ था. शुरुआत में स्थानीय ग्रामीणों ने नदी किनारे शव देखा. काफी देर तक उसकी पहचान नहीं हुई बाद में उसकी पहचान चुन्नू उर्फ उदित राम के रूप में हुई.
सूचना के बाद पंडवा और नावा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. शव की पहचान कराने की कोशिश की गयी. बाद में उसके पॉकेट से मिली चाबी से उसकी पहचान हुई. शव को कब्जे में लेने के बाद पुलिस उसका पोस्टमार्टम कराने के लिए मेदनीनगर पीएमसीएच में भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह: वाहन जांच कर रही पुलिस के डर से भाग रहे बाइक सवार को मालवाहक ने कुचला, मौत
शनिवार की सुबह से उदित लापता था
मृतक के बड़े भाई ने कहा कि शनिवार की सुबह से उदित लापता था, उसकी तलाश की जा रही थी. उदित के पास मोबाइल भी था लेकिन मौके से नहीं मिला है. उदित के दोनों कान नोचे हुए थे और गला भी फाड़ा हुआ था.
नावा बाजार पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदनीनगर पीएमसीएच में भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जानकारी स्पष्ट तौर पर हो पायेगी. युवक की मौत कैसे हुई. हत्या की गयी है या फिर साधारण मौत हुई है. या जंगली जानवरों ने उसके शरीर को नोच दिया, इसका पता चलेगा.. उदित मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था. घटना के बाद से उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें : पलामू : महिला और दो बच्चों के शव कुएं से बरामद होने का मामला, पति सहित पांच भेजे गये जेल




