
Ranchi : रांची विश्वविद्यालय राज्य का पहला विश्वविद्यालय बन गया है जिसने अपने स्टूडेंट्स का हेल्थ और दुर्घटना बीमा कराया है. विश्वविद्यालय के इस कदम का लाभ वर्तमान सत्र में पढ़ रहे लगभग 45 हजार स्टूडेंट्स को मिलेगा. स्टूडेंट्स को इसका लाभ मिले इसे लेकर रांची विश्वविद्यालय एवं यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी के बीच शुक्रवार को एक एग्रीमेंट हुआ है.
एग्रीमेंट स्नातक एवं स्नातकोत्तर के करेंट बैच के छात्रों को सामूहिक दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने के लिए किया गया है. यह योजना कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय का एक ड्रीम प्रोजेक्ट था जिसकी शुरुआत शुक्रवार को हुई. उम्मीद है कि अगले हफ्ते छात्रों के लिए सामूहिक स्वास्थ्य बीमा योजना उपलब्ध कराने हेतु एग्रीमेंट भी कर लिया जायेगा.
एग्रीमेंट की पूरी प्रक्रिया उप कुलसचिव डॉक्टर प्रीतम कुमार के नेतृत्व में की गयी. इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर रमेश कुमार पांडेय, प्रति कुलपति डॉ कामिनी कुमार, कुलसचिव डॉ अमर कुमार चौधरी, छात्र संकाय अध्यक्ष डॉ पीके वर्मा, वित्त पदाधिकारी डॉक्टर के के वर्मा भी उपस्थित थे. एग्रीमेंट पर रांची विश्वविद्यालय की तरफ से कुलसचिव अमर कुमार चौधरी ने एवं यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी के तरफ से मैनेजर केके मिश्रा ने हस्ताक्षर किया.
इसे भी पढ़ें – Latehar : सीआरपीएफ के दो जवान निकले कोरोना पॉजिटिव, लातेहार न्यायालय दो दिनों के लिए बंद




