
Melbourne: ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवर टीम के कप्तान आरोन फिंच भले ही कोविड-19 महामारी के कारण मार्च से ही क्रिकेट नहीं खेल पा रहे हों, लेकिन वह लगातार खेल के बारे में सोच रहे हैं. उन्होंने भारत में होने वाले 2023 वनडे विश्व कप के लिये अभी से ही रणनीति बनानी शुरू कर दी है.
कोविड-19 महामारी के कारण इस साल ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप होने की संभावना ना के बराबर हैं जबकि भारत के पास 2021 चरण की मेजबानी के अधिकार हैं. भारत को 2023 में 50 ओवर के विश्व कप की भी मेजबानी करनी है और फिंच को लगता है कि यह समय उप महाद्वीपीय परिस्थितियों के लिये तैयारी करने का है.
इसे भी पढ़ेंःजम्मू-कश्मीरः बिजबेहरा में सुरक्षाबलों पर आतंकी हमला, एक जवान शहीद-बच्चे की मौत
2023 वर्ल्ड कप में दो स्पिनर खेलेंगे- फिंच
फिंच ने ‘सेन रेडियो’ से कहा, ‘मैं क्रिकेट के प्रति जुनूनी हूं इसलिये इसके बारे में ही सोचता रहता हूं, विशेषकर कप्तान होने के नाते और आगामी टूर्नामेंट टी-20 विश्व कप है, जब भी इसका आयोजन होगा, और ये भी दो टूर्नामेंट हैं. इनके साथ मैं भारत में 2023 में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप के बारे में भी सोच रहा हूं.’
उन्होंने कहा, ‘हम उसमें जीत हासिल करने के लिये योजना तैयार करने की प्रक्रिया में हैं, इन तीनों टूर्नामेंट में सफल होने के लिये हमें क्या करने की जरूरत होगी.’
भारत में 2023 विश्व कप के बारे में उन्होंने कहा, ‘50 ओवर के खेल में 2023 विश्व कप से पहले काम करने की जरूरत है और इसलिये हम विस्तृत योजना बनाने में जुटे हैं कि हम उसे जीतने के बारे में कैसे सोचते हैं, भारत में किस तरह की टीम हमें चाहिए होगी.’ उन्होंने कहा, ‘हम दो स्पिनरों को खिलायेंगे, क्या एक अतिरिक्त ऑल-राउंडर चाहिए होगा.’
बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई टीम सबसे सफल वनडे टीम है जिसने पांच बार विश्व कप खिताब अपनी झोली में डाले हैं और पिछली बार उन्होंने 2015 में अपनी सरजमीं पर ही हासिल किया था. 2019 में उसे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हार मिली थी.
इसे भी पढ़ेंःसरकारी स्कूल के WhatsApp स्टडी ग्रुप में डाला अश्लील वीडियो, परियोजना निदेशक ने 24 घंटे में कार्रवाई का दिया आदेश




