
Ranchi: कोरोना संकट ने एजुकेशन में ऑनलाइन माध्यम को बढ़ावा तो दिया है, लेकिन इसका खामियाजा भी उठाना पड़ रहा है. कभी ऑफलाइन क्लासरूम में स्टूडेंट्स बदमाशी किया करते थे, लेकिन अब ऑनलाइन क्लासरूम में शिक्षक बदमाशी कर रहे हैं.
इसकी बानगी सरकारी स्कूलों में शिक्षा परियोजना की ओर से चलाये जा रहे DigiSathWhatsApp क्लास में देखने को मिली है. दरअसल, गिरिडीह जिला के बिरनी प्रखंड, बोकारो जिला के चास प्रखंड और लातेहार जिला के महुआटांड़ प्रखंड के तीन स्कूल के शिक्षकों ने व्हाट्स एप ग्रुप में अश्लील वीडियो और तस्वीरें डाल दी. इसके बाद मामला प्रकाश में आया.
इसे भी पढ़ेंःविदेश मंत्रालय ने पहली बार स्वीकारा- मई की शुरुआत में ही एलएसी पर बिगड़े थे हालात
स्टडी ग्रुप में डाला अश्लील वीडियो
शिक्षा परियोजना की ओर की ओर से राज्य के सरकारी स्कूल के बच्चों को पढ़ाने के लिए DigiSath कार्यक्रम के तहत व्हाट्स एप ग्रुप बनाया गया है. इस व्हाट्स एप ग्रुप में शिक्षक के साथ स्टूडेंट्स भी जुड़े हुए हैं. यह ग्रुप बीआरपी-सीआरपी द्वारा संचालित किया जाता है. ऐसे में इस व्हाट्स एप ग्रुप से न केवल पुरुष बल्कि महिला कर्मचारी भी जुड़ी हुई हैं. शिक्षकों की इस हरकत पर शिक्षा परियोजना निदेशक ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने को कहा है.
इसे भी पढ़ेंःदेश में Corona केस पहुंचा 5 लाख के करीब, एक दिन में 17 हजार से अधिक केस
24 घंटे में कार्रवाई का निर्देश
शिक्षा परियोजना निदेशक उमाशंकर सिंह ने तीनों जिला के जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने को कहा है. पत्र में उन्होंने तीनों शिक्षकों की विस्तृत जानकारी भी दी है.
गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान सभी सरकारी स्कूल बंद हैं. ऐसे में स्टूडेंट्स की पढ़ाई छूट रही थी. झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से सरकारी स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई पूरी कराने के लिए DigiSath कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके तहत राज्य के सभी स्कूलों के बच्चों और शिक्षकों को व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा गया है. इस व्हाट्स एप ग्रुप में ऑनलाइन स्टडी मैटरियल भेज कर पढ़ाई करायी जाती है.
इसे भी पढ़ेंःलगातार 20वें दिन तेल की कीमतों में उछाल, दिल्ली में दो साल में पहली बार पेट्रोल 80 रुपये के पार




