
Faisal Anurag
कोरोना वायरस के इस भयावह आपदा में भी मीडिया के गैर जिम्मेदाराना रुख ने उसे उस आईटी सेल के बराबर खड़ा कर दिया है, जिस पर नफरत का वायरस फैलाने का आऱोप लगता रहा है. समाज में इससे नफरत का माहौल गहरा रहा है. पत्रकाकारीय नैतिकता के सवाल पर भले ही अभी उदासीनता बनी हुई है, लेकिन भविष्य के लिए इसके संकेत खतरनाक हैं. लोकतंत्र में मीडिया से अपेक्षा होती है कि वह तथ्यों की जड तक जाए और उसे उजागर करे.
लेकिन माहाराष्ट्र के पालघर में हुई मॉब लिचिेग की घटना में भ्रम ज्यादा पैदा किये गये. तथ्यों को कम ही फोकस किया गया है. आज यह प्रवृति हावी है कि हर एक घटना के पीछे कान्सपाइरेसी थ्योरी की तलाश की जाए. पालघर की घटना भी इसका ताजा उदाहरण है.
इसे भी पढ़ेंः #CoronaCrisis: केंद्रीय कर्मियों को नहीं मिलेगा 18 महीने का महंगाई भत्ता, सीनियर अधिकारी को करीब 2.5 लाख का नुकसान
पालघर के निकट के गांव में दो व्यक्तियों की नृसंश हत्या भीड़ ने कर दी. दोनों ही मृत साधु थे जो वहां के एक गांव में एक श्राद्ध में भाग लेने जा रहे थे. प्रारंभिक खबरों में ही साधुओं की हत्या को ले कर मीडिया और आईटी सेल ने मोरचा संभाल लिया. और उसे सांप्रदायिक रंग देने लगे. महाराष्ट्र के गृहमंत्री देशमुख ने कहा कि इस दुखद घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है. बावजूद इसके न तो आईटी सेल ने और न ही मीडिया के एक हिस्से ने अपने प्रचार को रोका.
महाराष्ट्र सरकार ने तत्वरित कार्रवाई करते हुए 101 लोगों को गिरफतार किया और इन सौ लोगों से काई भी सांप्रदायिक एंगल नहीं बन सका. लेकिन इसे नजरअंदाज कर मीडिया अपनी भूमिका निभाने में लगा रहा. महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल क्षेत्र पालघर में दो हिंदू संतों की बर्बर, निर्मम, अमानवीय और घोर निंदनीय भीड़ हत्या (Mob Lynching) की घटना ने हर संवेदनशील और मानवीय व्यक्ति को अंदर से झिंझोड़ कर रख दिया है. इस हत्याकांड को सांप्रदायकि रंग देने में लगे गिरोह ने पहले तो ताबड़तोड़ हिंदू-मुसलमान एंगल देने की कोशिश की. पर बाद में यह पता चलते ही कि हत्यारी भीड़ मुसलमानों की नहीं थी, कुछ मीडिया समूह इसे वामपंथी-नक्सलपंथी रंग देने में लगे हुए हैं. यहां तक हुआ कि वायरल वीडियो को डब करके उसमें एक मुस्लिम का नाम डालकर सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गयी.
इसे भी पढ़ेंः बोकारो DC के फेसबुक पेज से बच्चे कर रहे स्मार्ट स्टडी
पालघर भीड़ हत्या की तो पूरी कहानी हमारे सामने आ चुकी है. कि घटना बच्चों को चुरा कर उनकी किडनी निकालने की अफवाहबाजी का क्रूर परिणाम है. इस घटना के तीन दिन पहले ही लॉकडाउन में फंस कर भूखे-प्यासे तड़प रहे मजदूरों को खाना बांटने गये एक सहृदय डॉक्टर पर भी इसी अफवाहबाजी के कारण जानलेवा हमला हो चुका था. पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो परिणाम का अंदाजा हम लगा सकते हैं.
रिपब्लिक टीवी के मालिक अर्नब गोस्वामी ने जिस तरह सोनिया गांधी को इस विवाद में घसीटा है और जिस भाषा का इस्तेमाल अपने कार्यक्रम में किया है, उसे ले कर भी राजनीतिक तौर पर विवाद गहरा रहा है. कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने अर्नब गांधी पर दुर्भावनाग्रस्त होने का आरोप लगाया है.
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे सिद्धरमैय्या ने कहा है कि वो किसी दूसरे भारतीय की तरह ही भारतीय हैं.
सोनिया गांधी का मई 1999 का एक वीडियो ट्वीट कर उन्होंने लिखा “सोनिया गांधी अर्नब गोस्वामी से अधिक भारतीय हैं. एक तरफ जहां अर्नब ने ज़हर उगल कर देश के चौथे स्तंभ को कमज़ोर किया है वहीं सोनिया गांधी ने देश की एकता और भाईचारे के लिए काम किया है.”
“पत्रकारिता एक सम्मानजनक काम है. इसके ज़रिए जनता गणतंत्र के तीनों स्तंभों के बारे में जान सकती है. और विचार कर सकती है. लेकिन अर्नब गोस्वामी और रिपब्लिक टीवी इस बात का उदाहरण हैं कि पत्रकारिता कैसे नहीं की जानी चाहिए.” इसके अलावे अशोक गहलोत, कमलनाथ, टी सिंहदेव बेनुगोपाल जैसे नेताओं ने तीखी प्रतिकिया व्यकत् की है. अर्नब गोस्वामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि उन पर कांगेस के इशारे पर हमला हुआ है और भाजपा के प्रवक्ता और आईटी सेल भी खुल कर अर्नब के साथ खड़े हैं और कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं.
बीबीसी के अनुसार अर्नब ने अपने शो कहा था, “अगर किसी मौलवी या पादरी की इस तरह से हत्या हुई होती तो क्या मीडिया, सेक्युलर गैंग और राजनीतिक दल आज शांत होते? अगर पादरियों की हत्या होती तो क्या ‘इटली वाली एंटोनियो माइनो’ ‘इटली वाली सोनिया गांधी’ आज चुप रहतीं?”
सवाल उठता है कि पालघर की घटना के पीछे जो भीड़ मानसिकता तैयार हुई है उसके पीछे तो मीडिया के प्रचारतंत्र की भी एक बड़ी भूमिका है. कोरोना विवाद में भी जिस तरह धार्मिक सवालों को बीच में लाया गया है, इसके खिलाफ मध्यपूर्व के देशों में तीखी प्रतिक्रिया हुई है.
दुनिया भर में एक एक शत्रु की तलाश की जा रही है, जिस पर कोरोना वायरस का दोष मढ कर सरकारों अपनी गलतियों को छिप लें. हर देश अपनी सुविधा के अनुसार ऐसे शत्रु की तलाश में लगा हुआ है. कोरोना वायरस ने जहां शासकों को बेपर्द कर दिया है, वहीं इस तरह के शत्रु और मिथ्या प्रचार का ज्यादा जोर है.
हालांकि बार-बार यह कहे जाने के बाद भी कि इससे जो मानसिकता बन रही है, वह एक ऐसे दौर की ओर लोगों को धकेल रही है जिससे और भी बड़ी त्रासदी पैदा हो सकती है. भारत जैसे देश में तो कोरोना वयरस के साथ ही भीड़ मानसिकता के खिलाफ भी सजग होने की सख्त जरूरत है.
इसे भी पढ़ेंः राज्य में कोरोना वायरस के डर से पिछले 72 घंटे में 3 ने की आत्महत्या




