
Ranchi: कोरोना वायरस के खौफ से झारखंड में अभी तक तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली है. पिछले 72 घंटे में तीन सुसाइड के केस सामने आये हैं. हाल में आत्महत्या करने वाले तीन लोगों में एक गिरिडीह के प्राइवेट स्कूल का शिक्षक भी शामिल है. इसके अलावा राजधानी रांची और पलामू से भी आत्महत्या की बात सामने आयी है.
गिरिडीह में कोरोना के खौफ से शिक्षक ने की आत्महत्या
20 अप्रैल गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र के बैदापहरी गांव में 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में रस्सी से लटका मिला. मृतक सुरेश पंडित प्राइवेट स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाता था. जिस कमरे में शव मिला, वहां तीन पन्ने का सुसाइड नाेट भी मिला था. जिसमें प्रधानमंत्री काे संबाेधित करते हुए लिखा है कि जब तक मुझे बीमारी का पूरी तरह एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
लिहाजा किसी को भी जैसे ही बुखार आये व शरीर दर्द करे तुरंत खुद को अलग कर लें, वरना वापसी का कोई रास्ता नहीं है. खुद काे कोरोना ग्रसित मरीज बताते हुए उसने कहा कि उससे किसी अन्य लोगों को संक्रमण नहीं फैले और समाज का उसे अपमान नहीं सहना नहीं पड़े इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है.
रांची लेक व्यू अस्पताल में क्वॉरेंटाइन युवक ने की आत्महत्या
21 अप्रैल को रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के जोड़ा तालाब रोड स्थित लेक व्यू अस्पताल में क्वॉरेंटाइन युवक मंगल कच्छप ने तीसरे तल्ले से कूदकर जान दे दी. वह एयरपोर्ट के समीप स्थित हेथू बस्ती का रहने वाला था. उसने कोरोना संक्रमित रिटायर्ड डीडीसी व आइपीएस अधिकारी के पिता को दिल्ली ले जाने वाले दिन एयरपोर्ट पर लोडर का काम किया था.
हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार वह सीधे संपर्क में नहीं आया था. इधर 18 अप्रैल को रिटायर्ड डीडीसी की मौत के बाद उसके गांव के लोगों ने कोरोना संक्रमण के शक में उसे क्वॉरेंटाइन के लिए कहा था. इसके बाद 19 अप्रैल को प्रशासन ने लेक व्यू अस्पताल में ही उसे क्वॉरेंटाइन के लिए भेज दिया था. जानकारी के अनुसार क्वॉरेंटाइन किये जाने के बाद से ही मंगल कच्छप तनाव में था. 21 अप्रैल को दिन के करीब 12 बजे अस्पताल के तीसरे तल्ले कूदकर उसने जान दे दी.
पलामू में क्वॉरेंटाइन सेंटर में शख्स ने की आत्महत्या
22 अप्रैल को पलामू क्वॉरेंटाइन सेंटर में रह रहे एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कोर्ट खास पथराही गांव में क्वॉरेंटाइन सेंटर में भर्ती था. वह लेस्लीगंज कोर्ट खास गोपालगंज गांव का रहने वाला था. लातेहार के चंदवा में मजदूरी करता था.
चार दिन पहले उसे क्वॉरेंटाइन सेंटर में भर्ती कराया गया. जहां बुधवार शाम को उसने खिड़की में गमछे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी. क्वॉरेंटाइन सेंटर के जिस कमरे से मृतक की लाश मिली, उस कमरे में वह अकेले भर्ती था. कमरे की खिड़की में गमछे से बने फंदे में लटकी उसकी लाश मिली.
कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 49
झारखंड में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के चार नये मामले सामने आने से प्रदेश में इस बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गयी. जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है. नये मामलों में तीन रांची से हैं जबकि एक मामला गढ़वा से है.
रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में तीन संक्रमित मरीज सामने आये हैं. वे तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं. झारखंड में नौ लोग अब तक स्वस्थ घोषित किये जा चुके हैं.




