Corona_UpdatesNational

MP, केरल व बंगाल में #Corona से एक-एक मौत, राजस्थान में चार नये केस

NW Desk: देश में कोरोना वायरस से लगातार लोगों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं. हर दिन इस महामारी से किसी न किसी की जान जा रही है.

देशभर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 1300 से अधिक हो गयी है वहीं इस बीमारी की वजह से लगभग 40 लोगों की जान जा चुकी है. इसी क्रम में मंगलवार को मध्य प्रदेश, केरल और बंगाल में भी एक-एक की जान जाने का मामला सामने आये है. जबकि राजस्थान में चार नये केस सामने आये हैं. कोरोना देश में पैर फैलाता जा रहा है. पहले यह गति धीमी थी लेकिन अब यह धीरे धीरे स्पीड पकड़ता जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- #CoronaCrisis: निजामुद्दीन के मरकज में शामिल होने वाले छह लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत

मप्र में कोरोना वायरस संक्रमण से पांचवीं मौत

मध्यप्रदेश के इंदौर में 49 वर्षीय महिला के सोमवार रात दम तोड़ने के बाद राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की मौत की तादाद बढ़कर पांच पर पहुंच गयी है. इनमें से तीन अकेले इंदौर शहर के निवासी थे जिनमें से दो की मौत पिछले 24 घंटे में हुई.

शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि चंदन नगर क्षेत्र में रहने वाली 49 वर्षीय महिला ने मनोरमा राजे टीबी (एमआरटीबी) चिकित्सालय में आखिरी सांस ली.

अधिकारी ने बताया कि 23 मार्च को कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी महिला हाइ ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से पहले ही पीड़ित थी. उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाली महिला ने पिछले दिनों कोई यात्रा नहीं की थी.

मप्र में 47 केस

अब तक मिली रिपोर्टों के मुताबिक सूबे में कुल 47 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की जद में आये हैं. इनमें इंदौर के सर्वाधिक 27 मरीज शामिल हैं. इनके अलावा, जबलपुर के आठ, उज्जैन के पांच, भोपाल के तीन और शिवपुरी एवं ग्वालियर के दो-दो मरीजों में भी इस संक्रमण की पुष्टि हुई जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है.

इस महामारी से मरने वालों में तीन मरीज इंदौर के बाशिंदे थे, जबकि दो अन्य लोग पड़ोस के उज्जैन शहर से ताल्लुक रखते थे. इंदौर, राज्य में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर है. कोरोना वायरस संक्रमण के मरीज सामने आने के बाद प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में लॉकडाउन की जगह कर्फ्यू लागू कर दिया था.

इसे भी पढ़ें- #Delhi में दो दिनों में सामने आये 50 नये केस, कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 97

पश्चिम बंगाल में एक और व्यक्ति की मौत

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति की हावड़ा जिले के एक अस्पताल में मौत हो गयी. यहां कोविड-19 संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या कुल तीन हो गयी. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति हाल में राज्य के उत्तरी हिस्से की यात्रा पर गया था.

अधिकारी ने कहा कि जांच के परिणाम आने से पहले, सोमवार रात को उसकी मौत हो गयी. जांच में पता चला कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित था. अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के चार नये मामले सामने आने के साथ राज्य में कोविड-19 संक्रमितों की कुल संख्या 26 हो गयी है.

केरल में कोरोना वायरस संक्रमण से एक बुजुर्ग की मौत

केरल में कोरोना वायरस संक्रमण से 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गयी और इसी के साथ राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो हो गयी है. सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी. तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि व्यक्ति की हालत ‘‘बेहद नाजुक’’ थी. राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से यह दूसरी मौत है.

बयान में कहा गया कि मरीज पिछले पांच दिन से वेंटिलेटर पर था और हाइ ब्लड प्रेशर से पीड़ित था. साथ ही उसका डायलिसिस भी चल रहा था. इससे पहले राज्य में कोविड-19 से कोच्चि के चुल्लिकाल में एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी.

राजस्थान में कोरोना के चार नये केस, कुल संख्या 83 हुई

राजस्थान में मंगलवार को चार और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इन्हें मिला कर राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 83 हो गयी है. इन 83 लोगों में, ईरान से लौटे वे सात लोग शामिल हैं जिन्हें जोधपुर लाया गया है.

अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में मंगलवार को चार और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं. इनमें से एक व्यक्ति अजमेर का, एक डूंगरपुर का, एक झुंझुनू का और एक व्यक्ति जयपुर का है. 

इसे भी पढ़ें- #Bihar: कोरोना संदिग्ध की जानकारी देनेवाले की पीटकर निर्मम हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button