
Islamabad : पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले शनिवार को 1,408 पर पहुंच गये और 11 लोगों की मौत हो चुकी है. पंजाब प्रांत देश में कोविड-19 के मामलों का केंद्र बनकर सामने आया है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कुल संक्रमित लोगों में से सात की हालत गंभीर है.
ज्यादातर संक्रमित लोग ईरान से लौटे थे, जहां 30,000 से अधिक मामले सामने आये हैं और 2,300 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं. पंजाब में शनिवार को कोविड-19 के कुल 490 मामले सामने आये. यह आंकड़ा सिंध प्रांत के 457 मामलों से भी अधिक है. सिंध में ही देश का कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था.
इसे भी पढ़ें – #IAS सुखदेव सिंह बने झारखंड के नये मुख्य सचिव, राजीव अरुण एक्का होंगे सीएम के प्रधान सचिव
अब तक 25 लोग ठीक हो चुके हैं
पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदर ने बताया कि पंजाब के 490 मामलों में से सबसे अधिक 207 मामले डेरा गाजी खान जिले से सामने आये हैं. खैबर पख्तूनख्वा में 180 मामले, बलूचिस्तान में 133 मामले, गिलगित-बाल्टीस्तान में 107 जबकि इस्लामाबाद में 39 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में दो मामले दर्ज किये गये. अभी तक 25 लोग बीमारी से उबर चुके हैं.
पंजाब के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि फैसलाबाद में 22 वर्षीय मरीज की मौत होने से प्रांत में इस संक्रामक रोग से मरने वाले लोगों की संख्या पांच हो गयी है. इस बीच, स्वास्थ्य सलाहकार जफर मिर्जा ने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकार द्वारा उठाये गये कदमों की समीक्षा करने के लिए चीन के आठ डॉक्टरों का दल पाकिस्तान आयेगा. वे स्थानीय डॉक्टरों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे.
इसे भी पढ़ें – झारखंड सरकार ने मजदूरों की सहायता के लिए शुरू किया टोल फ्री नम्बर, 5 घंटे में 10,000 मजदूर हुए पंजीकृत




