
Bermo : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सल प्रभावित आदिवासी बहुल अरमो पंचायत के गंझू टोला में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने नाबालिग को बेहोशी की हालत में एक गड्ढे में छोड़ दिया. बाद में परिजनों ने नाबालिग को घर लाया.
क्या है पूरा मामला
थाना क्षेत्र अंतर्गत अरमो के गंझू टोला की रहनेवाली दसवीं कक्षा की 17 वर्षीया नाबालिग लड़की ने बोकारो थर्मल थाना को दिये आवेदन में लिखा था कि 6 मार्च की शाम को घर से शौच के लिए निकली थी. रास्ते में गांव के ही 20 वर्षीय संतोष गंझू तथा 25 वर्षीय भोला नाथ गंझू उससे छेड़खानी करने लगे. उसके द्वारा विरोध जताने पर दोनों उसे जबरन मुंह दाबकर नदीधार की ओर ले गये.
उनलोगों के द्वारा कोई चीज सूंघाने के कारण वह बेहोश हो गयी. लड़की के पूरी रात घर नहीं आने पर परिजन 7 मार्च की सुबह उसे खोजने निकले. खोजने के क्रम में लड़की नदी धार किनारे एक गड्ढे में बेहोश मिली. बाद में होश आने पर लड़की ने परिजनों को सारी बात बतायी. शनिवार की रात्रि परिजन उसे लेकर थाना आये और लड़की के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 25/2020 भादवि की धारा 366,376(डी), सेक्शन 06 पोक्सो अधिनियम के तहत संतोष गंझू एवं भोला नाथ गंझू पर मामला दर्ज कराया.
पुलिस द्वारा पूछे जाने पर भी नाबालिग ने अपने साथ घटित घटना की पुष्टि की. स्थानीय थाना की पुलिस के द्वारा पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए रविवार को भेजा गया है. पीड़िता के साथ दुष्कर्म का आरोपी भोलानाथ गंझू विवाहित एवं दो बच्चों का पिता है.
इसे भी पढ़ेंः भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति शीघ्र करेगी राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा : सुनील सिंह
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
थाना के इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने छापामारी कर शनिवार की रात्रि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी 20 वर्षीय मनोज गंझू को गिरफ्तार कर लिया. जबकि मामले में संलिप्त दूसरा आरोपी 25 वर्षीय भोला नाथ गंझू घटना के बाद से फरार है.
पुलिस दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापामारी अभियान चला रही है. छापामारी में इंस्पेक्टर के अलावा अवर निरीक्षक सुरेश राम, सअनि मनोज कुमार झा, शुकुल कुमार, पीएसआई सुधांशू श्रीवास्तव व मिथुन मंडल जवानों के साथ शामिल थे.
इसे भी पढ़ेंः नेतरहाट : जंगल वार फेयर स्कूल में 200 कांस्टेबल से 1000 रुपया लेकर दी गयी छुट्टी, दूसरे कांस्टेबल कर रहे हैं हंगामा




