
Ranchi: झारखंड में विकास योजना को अमलीजामा पहनाने वाले ठेकेदार पेमेंट ना होने की वजह से आंदोलन करने का मन बना रहे थे. लेकिन मंत्री आलमगीर आलम से मुलाकात के बाद उन्होंने अब अपना मन बदल लिया है.
दो दिन पहले झारखंड राज्य संवेदक संघ के अध्यक्ष अजय राज ने इस मामले पर चर्चा करने के लिए सीएमओ से हेमंत सोरेन से मिलने के लिए वक्त मांगा था. वहीं शुक्रवार को मंत्री आलमगीर आलम ने झारखंड राज्य संवेदक संघ के 15 प्रतिनिधियों से मुलाकात की.
मुलाकात के बाद झारखंड राज्य संवेदक संघ के अध्यक्ष अजय राज ने न्यूज विंग को बताया कि रामगढ़, हजारीबाग, रांची और जमशेदपुर के करीब 15 लोगों का प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री आलमगीर आलम से मुलाकात की.
इसे भी पढ़ेंःतो क्या सरकार और NIOS के बदलते नियमों के कारण अप्रशिक्षित रह गये 4500 पारा शिक्षक
आधे घंटे के मुलाकात के दौरान मंत्री आलमगीर आलम ने हमारी सारी समस्याओं को अच्छी तरह से सुना. उन्होंने हमलोगों से कहा कि आप जब इतने दिनों से सरकार का साथ दे रहे हैं, तो करीब एक हफ्ते का साथ और दें.
24 फरवरी के बाद से धीरे-धीरे सभी बकायेदारों को भुगतान होना शुरू हो जाएगा. श्री राज ने बताया कि मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि काम को सुचारू रूप से जारी रखें. किसी भी तरह लक्ष्य तक पहुंचना है. विकास का काम किसी भी शर्त पर रुकना नहीं चाहिए. श्री राज ने आगे कहा कि मंत्री के आश्वासन के बाद हमें ऊर्जा मिली है.
हम विकास कार्यों को बाधित नहीं करेंगे. सुचारू रूप से सभी कार्यों को जारी रखा जाएगा. सरकार के आश्वासन के बाद हम आश्वस्त हैं. साथ ही एक-दो दिनों में सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात का आश्वासन भी मिला है.
मंत्री आलमगीर आलम से मिलने वालों में अजय राज, पंकज कुमार, मनोज कुमार, पंकज तिवारी, विजय झा, विनोद सिंह, अमलेश दुबे, विवेक सिंह, संपन्न पांडेय, अमित सिंह, जोखन पांडेय, शेखर कुमार आदि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ेंःकृषि आशीर्वाद योजनाः 1300 करोड़ भी खर्च नहीं कर पायी BJP सरकार, अब कर रही योजना बंद करने का विरोध




