
Patna: झारखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के बहाने विपक्ष ने अपनी मजबूती दर्ज करायी. वहीं इस कार्यक्रम में विपक्षी एकता से भाजपा तिलमिलायी नजर आ रही है.
ताजपोशी पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने चुटकी ली है. लोकसभा चुनाव के लिये भाजपा के झारखंड प्रभारी रहे मंगल पांडेय ने रविवार को तंज कसते हुए कहा कि शपथ ग्रहण समारोह की झलकियां अली बाबा और चालीस चोर वाली कहावत को चरितार्थ करती हैं.
इसे भी पढ़ेंः#Bihar में बढ़ी BJP की परेशानीः प्रशांत किशोर बोले- विधानसभा चुनाव में नहीं चलेगा 50-50 का फॉर्मूला
भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा- मंगल पांडेय
मंगल पांडेय ने एक बयान में कहा, ‘‘शपथ ग्रहण में शामिल शायद ही ऐसा कोई व्यक्ति या नेता मौजूद था जिस पर भ्रष्टाचार के दाग न लगे हों. शपथ ग्रहण समारोह की स्थिति यह थी कि कांग्रेस शासन में किए गए हर घोटाले का हर मास्टर मांइड मंच पर मौजूद नजर आया.’’
पांडेय ने कहा कि पूरब से चिटफंड वाली दीदी आयीं थीं, तो दक्षिण से टू जी वाले परिवार समेत पधारे थे, वहीं उत्तर से बिना कमाये अरबपति बनने वाले और केंद्र से हेराल्ड वाले आकर शपथ ग्रहण समारोह की शोभा बढ़ा रहे थे. उन्होंने कहा कि यही नहीं, रही सही कसर कोयला घोटाला वाले नवनियुक्त मुख्यमंत्री के पापा ने मौजूद रह कर पूरी कर दी.
‘बेल वाले बहुत जल्द जाएंगे जेल’
पांडेय ने कहा कि इसकी पटकथा तो जीतते ही मुख्यमंत्री ने होटवार जेल के कैदी वार्ड में भ्रष्टाचारी नंवर वन से आशीर्वाद लेकर लिख दी थी. यह शपथ ग्रहण समारोह भ्रष्टाचार की मिली-जुली पटकथा थी, जो कि हमारे झारखंड के भाई-बहनों को झेलनी पड़ेगी.
इसे भी पढ़ेंःकोहरे का जानलेवा कहरः ग्रेटर नोएडा में फिसल कर नहर में गिरी कार, छह लोगों की मौत
मंगल पांडेय ने कहा कि विपक्षी एकता के नाम गैर एनडीए दलों का जुटान देश के संविधान और अस्मिता के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के नये अवसर पाने के लिए है. वैसे भी भ्रष्टाचार के कलाकार देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से घबराहट में थे. इस कारण किसी बड़े स्कैंडल को अंजाम नहीं दे पाते थे.
उन्होंने कहा, ‘‘अब ऐसे दागी नेताओं को लूट का नया अड्डा समृद्ध झारखंड मिल गया है, लेकिन केंद्र की एनडीए सरकार ऐसे भ्रष्टाचारियों के मंसूबे को सफल नहीं होने देगी. आने वाले समय में जेल वाले तो जेल में ही रहेंगे और बेल वाले बहुत जल्द जेल जाएंगे.’’
गौरतलब है कि रविवार को जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उनके साथ कांग्रेस और राजद से भी तीन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. इस शपथ ग्रहण समारोह के बहाने विपक्ष के नेताओं ने अपनी एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में राहुल गांधी, ममता बनर्जी, एमके स्टालिन, तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए थे.
इसे भी पढ़ेंः#RedAlert: ठंड को लेकर दिल्ली समेत उत्तर भारत के 6 राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी




