
Ranchi : हेमंत सोरेन आज दोपहर रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मूर्मु हेमंत सोरेन को शपथ दिलायेंगीं. हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. रामेश्वर उरांव और कांग्रेस के विधायक दल के नेता आलमगीर आलम भी शपथ ले सकते हैं.
वहीं राजभवन के सूत्रों ने बताया कि मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से उनके साथ शपथ लेने वाले सहयोगी विधायकों का नाम शनिवार की रात तक नहीं दिया गया था. इसलिए जिन मंत्रियों को शपथ लेना है , उन्हें सूचित नहीं किया गया है.
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन ने 81 सीटों वाली विधानसभा में 47 सीटों पर जीत दर्ज की है. जिसमें जेएमएम को 30, कांग्रेस को 16 और आरजेडी को 1 सीट पर जीत हासिल हुई. वहीं . जेवीएम के 3, एनसीपी और सीपीआई एमएल के 1-1 विधायकों ने जीत हासिल की और गठबंधन को ही अपना समर्थन दिया है.
इसे भी पढ़ें – विपक्षी एकता का केंद्र बना हेमंत का शपथ ग्रहण समारोह, कई दिग्गज बनेंगे ऐतिहासिक पल के गवाह
कई राज्यों के सीएम होंगे शामिल
रविवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं शीर्ष नेताओं के अलावा कई बड़े उद्योगपति भी शामिल होंगे. आज के शपथ ग्रहण समारोह में टाटा स्टील के एमडी टी वी नरेंद्रन, जेएसपीएल के सीएमडी नवीन जिंदल, डालमिया ग्रुप के एमडी पुनीत डालमिया, डालमिया ग्रुप के ईडी हरमीत सेठी, रूंगटा माइंस के एमडी सिद्धार्थ रूंगटा, इलेक्ट्रोस्टील के एमडी पंकज मलिहान और राहुल शर्मा,एस्सार के उपाध्यक्ष प्रदीप मित्तल, बिरला ग्रुप के अध्यक्ष प्रमोद उंडे और बृजेश झा सहित कई उद्योगपति एवं उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित होंगे.
इसे भी पढ़ें – जनता का आभार व्यक्त करने के दौरान विधायक ढुल्लू महतो के बिगड़े बोल, कहा – जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में देंगे जवाब
इसके अलावा मोरहाबादी मैदान में रविवार दोपहर दो बजे आयोजित होने शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, बसपा अध्यक्ष मायावती, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और अहमद पटेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, भाकपा के महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के भी कार्यक्रम में आने की सहमति मिल चुकी है.
वहीं ममता बनर्जी हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को रांची पहुंच गयी हैं. उनके अलावा भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान, कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह, अब्दुलबारी सिद्दिकी भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची पहुंच चुके हैं.
इसे भी पढ़ें – इंटरनेट सेवा बंद होने से नेटवर्क कंपनियों को हर घंटे हो रहा है 2.45 करोड़ रुपये का नुकसान




