
Ranchi: लिखित परीक्षा देकर फिजिकल वेरिफिकेशन का इंतजार कर रहे 40 हजार से अधिक उम्मीदवारों की उम्मीद पर सेंट्रल कोल्ड फील्ड लि. (सीसीएल) ने पानी फेर दिया.
सीसीएल रांची की ओर से पांच साल पहले 527 पदों के लिए वेकेंसी निकाली गयी थी, जिसे अब अचानक अपरिहार्य कारण का नाम देकर रद्द कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – #CABProtests: जामिया व AMU के बाद लखनऊ के नदवा कॉलेज में भी विरोध प्रदर्शन, पथराव
2014 में निकाली थी वेकेंसी
सीसीएल रांची की ओर से 25 सितंबर 2014 को सुरक्षा गार्ड, लेखापाल और सहायक रेवेन्यू इंस्पेक्टर के 527 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मंगाये गये थे. इनमें सुरक्षा गार्ड के 500, सहायक रेवेन्यू इंस्पेक्टर के 15 और लेखापाल के 12 पद थे.
इसमें इंटर, मैट्रिक व आइटीआइ पास उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. 527 पदों के लिए 40 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था.
आवेदन करनेवाले उम्मीदवारों ने बताया कि सीसीएल की ओर से आनन-फानन में एक साल के अंदर फरवरी 2015 में लिखित परीक्षा ले ली गयी. इसके लिए डीएवी हेहल सहित रांची के अन्य स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाये गये थे.
सीसीएल की ओर से रिजल्ट जारी करने के बाद उम्मीदवारों को फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाना था. पर लिखित परीक्षा के बाद सीसीएल ने इस नियुक्ति प्रक्रिया को साल 2015 के बाद से जस का तस छोड़ दिया. अब अचानक से 3 दिसंबर को सीसीएल ने नोटिस निकाल कर वेकेंसी को ही रद्द कर दिया.
इसे भी पढ़ें – #JamiaViolence : Supreme Court ने कहा, पहले हिंसा रुकनी चाहिए, तभी मंगलवार को करेंगे सुनवाई
40 लाख से अधिक की कर ली कमाई
आवेदकों ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदन करनेवाले उम्मीदवारों से 100 रुपये आवेदन शुल्क लिये गये थे. इस तरह से केवल लिखित परीक्षा लेकर उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क के रूप में सीसीएल ने 40 लाख रुपये से अधिक की कमाई कर ली.
इस संबंध में पूछे जाने पर सीसीएल रिक्रूटमेंट के निदेशक आरएस महापात्रा ने बताया कि सीसीएल के पास कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या है. ऐसे में नयी बहाली का कोई औचित्य नहीं है. लेकिन उन्होंने आवेदन मंगाने और लिखित परीक्षा लेने के सवाल का कोई जवाब नहीं दिया.
इसे भी पढ़ें – #CAB : बांग्लादेश ने कहा, भारत अवैध रूप से रह रहे हमारे नागरिकों सूची मुहैया कराये, हम वापस लेने को तैयार



