
Ranchi : झारखंड विधानसभा चुनाव के ठीक पहले टिकट नहीं मिलने से नाराज प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के इस्तीफे का दौर जारी है. तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों सहित कई जिलाध्य़क्ष पहले ही कतिपय कारणों से नाराज होकर पार्टी छोड़ चुके हैं.
पूर्व प्रदेश अध्य़क्ष सह राज्यसभा सांसद रहे प्रदीप बलमुचू ने गुरुवार को पार्टी छोड़ आजसू का दामन थाम लिया है. वहीं चर्चा यह भी है कि वर्तमान कार्यकारी अध्य़क्ष मानस सिन्हा ने भी पार्टी छोड़ भवनाथपुर से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. बताया जा रहा है कि वे आजसू के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ सकते हैं.
इन सबसे अलग प्रदेश विधानसभा चुनाव के ठीक पहले किसी जिलाध्य़क्ष ने पार्टी के शीर्ष नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाकर इस्तीफा दिया है.
टिकट नहीं मिलने से नाराज हजारीबाग जिला अध्य़क्ष देवकुमार राज ने पार्टी प्रभारी आरपीएन सिंह सहित प्रदेश के कई शीर्ष नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: भाजपा ने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की, बिरंची होंगे बोकारो से उम्मीदवार, सरयू राय अब भी होल्ड पर
पार्टी में सक्रिय नहीं रहने वाले को टिकट देना गलत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में हजारीबाग जिला अध्य़क्ष ने पार्टी के प्रदेश स्तरीय शीर्ष नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा है कि हजारीबाग सदर से पार्टी प्रत्याशी बनाये गये आरसी प्रसाद मेहता ने 15 दिन पहले ही पार्टी की सदस्यता ली थी. संगठन में इनकी कभी भी भागीदारी नहीं रही है. इसके बावजूद प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्य़क्ष रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम व कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ऐसे लोगों को प्रत्याशी बनाकर टिकट बेचने का काम किया है.
इस्तीफा सौंपने वाले जिला अध्य़क्ष ने सोनिया गांधी से अपील की है कि वे संगठन से जुड़े लोगों को ही उच्च स्तरीय जांच कराकर प्रत्य़ाशी बनाने की पहल करें.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: बीजेपी-आजसू का 19 साल पुराना गठबंधन टूटा, अपने दम पर चुनाव लड़ेंगी दोनों पार्टियां
कई दिग्गज नेता पहले ही छोड़ चुके हैं पार्टी
बता दें कि इसके पहले लोकसभा चुनाव के बाद पूर्व प्रदेश अध्य़क्ष रहे डॉ अजय कुमार और सुखदेव भगत पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं.
डॉ अजय कुमार पर भी पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दौरान टिकट बेचने का आरोप लगाया था. वहीं सुखदेव भगत के पार्टी छोड़ने के पीछे वर्तमान अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के से उनके आंतरिक संघर्ष को वजह बताया जाता है.
विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की कुछ मजबूत सीटें जेएमएम के पाले मे जाने से नाराज कई जिलाध्य़क्षों ने अपनी पूरी टीम के साथ पहले ही इस्तीफा दिया है. इसमें सिंहभूम और गुमला जिला अध्य़क्ष शामिल हैं.
वहीं गुरुवार को पूर्व प्रदेश अध्य़क्ष रहे प्रदीप बलमुचू घाटशिला सीट जेएमएम के खाते में जाने से नाराज होकर आजसू में शामिल हो चुके हैं.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: पहले चरण के चुनाव तक बीजेपी की चुनावी रणनीति फेल, ना पार्टी बची और ना ही गठबंधन




