
Jamshedpur : आप लौहनगरी जमशेदपुर या फिर पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां के औद्योगिक नगरी के रुप में मशहूर आदित्यपुर क्षेत्र में रहते हैं तो आपके लिए काम की खबर है. लोगों के खून-पसीने की कमाई पर डाका डालनेवाले साइबर ठगों ने नया पैंतरा अख्तियार कर लिया है. इनके निशान पर जुस्को के बिजली उपभोक्ता हैं. साइबर ठग आये दिन जुस्को के उपभोक्ताओं कोबिजली काटने के नाम पर डरा-धमकाकर अपने झांसे में ले रहे हैं. उसके बाद उनके बैंक खाते से गाढ़ी कमाई उड़ा दी जा रही है. बाद में जब लोगों को ठगी का अहसास हो रहा है तो वे साइबर थाना पहुंच रहे हैं.
केस नंबर-वन
कल्पनापुरी के सुनील के खाते से उड़ाये 4.40 लाख
ताजा मामला आदित्यपुर के कल्पनापुरी के रहनेवाले सुनील गुप्ता के बैंक खाते से 4.40 लाख रुपये उड़ाने का है. मामला मंगलवार को तब सामने आया जब भुक्तभोगी ने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी. उसके मुताबिक किसी ने उनके मोबाइल पर उनका बिजली बिल अपडेट नहीं होने का मैसेज भेजा और कहा कि बिल अपडेट नहीं होने पर बिजली कनेक्शन काट दिया जायेगा. मैसेज भेजनेवाले ने सुनील को एक नंबर भी भेजा था जिसपर कॉल करने को कहा गया. फिर क्या था साइबर ठगों ने सुनील को अपने जाल में फांसकर उनके बैंक खाते से 4.40 रुपये उड़ा लिये.
केस नंबर-टू
जयप्रकाश उद्यान के विनय कुमार भी बन चुके हैं शिकार
इससे पहले आदित्यपुर के ही जयप्रकाश उद्यान के रहनेवाले विनय कुमार सिंह को जुस्को का बिजली बिल अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठग अपना शिकार बना चुके हैं. मामला बीते 14 अप्रैल को सामने आया था. उस दौरान जुस्को अधिकारी बनकर भुक्तभोगी के मोबाइल पर मैसेज किया गया था. मैसेज करनेवाले ने बकाया बिजली बिल जल्द पेड नहीं करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी थी. इससे हैरान-परेशान विनय कुमार जब तक कुछ सोच-समझ पाते साइबर ठग ने उन्हें झांसे में लिया और मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करवाकर उनके खाते से 29 हजार 292 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई.
केस नंबर-थ्री
सिदगोड़ा की महिला से हो चुकी है 1.88 लाख की ठगी
इस घटना के सामने आने से मात्र दो दिन पहले यानी बीते दस अप्रैल को सिदगोड़ा की एक महिला को भी बिजली बिल अपडेट करने के नाम साइबर ठगों ने अपने झांसे में लिया था. उसके बाद महिला के बैंक खाते से 1.88 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई थी. मामला साइबर थाना पहुंचने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की गयी.
पूर्व से पैंतरा बदल-बदलकर की जा रही है ठगी
बता दें कि जमशेदपुर सहित आदित्यपुर क्षेत्र में साइबर अपराधी इससे पहले भी पैंतरा बदल-बदलकर लोगों को फांसते हुये ठगी का शिकार बनाते आये हैं. इस कड़ी में बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर लोगों के बैंक खातों से रुपये उड़ाना साइबर अपराधियों का फिलहाल नया पैंतरा माना जा रहा है.
जुस्को की ओर से लोगों को किया जा चुका है सतर्क
इधर, जुस्को की ओर से कंपनी के बिजली कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर पहले ही शहर समेत आसपास के लोगों को सतर्क किया जा चुका है. इसके तहत इस तरह का कोई भी कॉल या मैसेज आने पर उपभोक्ताओं को सीधे जुस्को के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करने की बात कही गई है. जुस्को की प्रवक्ता सुकन्या दास का कहना है कि कुछ लोगों के पास इस तरह के फ्रॉड कॉल और मैसेज आ रहे हैं. इससे लोग आसानी से डरकर ठगों के जाल में फंस जाते हैं. जरूरत है इस तरह के मामलों में सावधानी बरते की.
ये भी पढ़ें- चाकुलिया: रामकृष्ण मिशन इंटरनेशनल इंग्लिश हाई स्कूल के प्राचार्य का दिल का दौरा पड़ने से निधन




